अमेठी: सुरेंद्र सिंह की अंतिम यात्रा में शामिल हुईं स्मृति ईरानी, पार्थिव शरीर को दिया कंधा

  • Follow Newsd Hindi On  
अमेठी: सुरेंद्र सिंह की अंतिम यात्रा में शामिल हुईं स्मृति ईरानी, पार्थिव शरीर को दिया कंधा

यूपी के अमेठी में बीजेपी कार्यकर्ता और स्मृति ईरानी के करीबी सहयोगी रहे सुरेंद्र सिंह की हत्या से प्रदेश में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गयी है। सुरेंद्र सिंह के बेटे अभय ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस के स्थानीय कार्यकर्ताओं ने उसके पिता की हत्या कराई है। उधर अमेठी से सांसद बनीं स्मृति ईरानी मृतक सुरेंद्र सिंह के शोकाकुल परिवार से मिलने रविवार को लखनऊ पहुंचीं। उन्होंने अंतिम यात्रा में सुरेंद्र सिंह के शव को कंधा भी दिया।

इस घटना के बारे में उत्तर प्रदेश के डीजीपी ओपी सिंह ने कहा, ‘हमें घटना के अहम सुराग मिले हैं। 7 लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। हमें विश्वास है कि अगले 12 घंटे में केस की गुत्थी सुलझा ली जाएगी। पीएसी की तीन कंपनियां तैनात की गई हैं। कानून व्यवस्था का कोई मुद्दा नहीं है।’


आपको बता दें कि पूर्व प्रधान सुरेंद्र सिंह को शनिवार देर रात अज्ञात लोगों ने गोली मार कर हत्या कर दी। सुरेंद्र सिंह रात को अपने घर के बाहर सो रहे थे, इसी बीच बदमाशों ने उन पर फायरिंग कर दी। अमेठी के अपर पुलिस अधीक्षक दया राम ने बताया कि जामो थाना क्षेत्र के बरौलिया गांव के पूर्व प्रधान सुरेंद्र सिंह की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी।

सुरेंद्र सिंह के बेटे अभय ने रविवार को इस घटना के बारे में मीडिया से कहा, ‘मेरे पिता घर के बाहर थे और हम लोग अंदर थे। अचानक बाहर गोली चलने की आवाज आई। हम बाहर दौड़ कर आए और देखा कि उनके सिर से काफी खून बह रहा है। हमलोग उन्हें जिला अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने ट्रामा सेंटर रेफर दिया। लखनऊ ले जाते वक्त उनकी मौत हो गई।’

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)