समुद्री सुरक्षा में परस्पर सहयोग बढ़ाएंगे भारत व मेडागास्कर

  • Follow Newsd Hindi On  

लखनऊ, 6 फरवरी (आईएएनएस)| भारत ने समुद्री सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए मेडागास्कर के साथ अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया है। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने डिफेंस एक्सपो के दूसरे दिन मेडागास्कर के रक्षामंत्री लेफ्टिनेंट जनरल आर. रिचर्ड के साथ इस बाबत मंथन किया। चर्चा के दौरान दोनों रक्षामंत्रियों ने एक बार फिर से समुद्री सुरक्षा सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया। इस दौरान रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि दोनों देशों की समुद्री सीमा जुड़ी होने के मद्देनजर दोनों की जिम्मेदारी बनती है कि वे समुद्री क्षेत्र में सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करें, जिससे कि व्यापार संबंधी गतिविधियां सुचारु ढंग से चल सके।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की गत वर्ष मार्च में मेडागास्कर की यात्रा का जिक्र करते हुए रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, “इस ऐतिहासिक यात्रा से दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंध और मजबूत हुए हैं। इस दौरान हुए करारों से दोनों के बीच रक्षा सहयोग बढ़ाने का फ्रेमवर्क तैयार हुआ है।”


रक्षामंत्री ने एक बार फिर भरोसा जताते हुए कहा कि यह रक्षा प्रदर्शनी दोनों देशों के बीच रक्षा संबंधों को बढ़ाने में मददगार साबित होगी और परस्पर सहयोग की संभावानाओं के अन्य क्षेत्रों का भी इसके माध्यम से पता चलेगा।

मेडागास्कर के रक्षामंत्री रिचर्ड ने कहा, “हिंद महासागर क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल बनाए रखने में भारत की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने चक्रवाती तूफान डियाने के दौरान भारतीय नौसेना द्वारा की गई मदद के लिए आभार प्रकट किया। उन्होंने रक्षामंत्री राजनाथ सिंह को 26 जून को मेडागास्कर के स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होंने का न्यौता भी दिया है।”

 


(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)