संविधान दिवस : कांग्रेस ने आंबेडकर की प्रतिमा के सामने विरोध प्रदर्शन किया

  • Follow Newsd Hindi On  

नई दिल्ली, 26 नवंबर (आईएएनएस)| कांग्रेस ने मंगलवार को संविधान दिवस के मौके पर संसद भवन के बाहर संविधान निर्माता डॉक्टर भीम राव आंबेडकर की प्रतिमा के सामने विरोध प्रदर्शन किया। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी और पार्टी सांसद राहुल गांधी ने भी इस विरोध प्रदर्शन में भाग लिया।

महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजाप) द्वारा कथित तौर पर गलत तरीके से सरकार बनाने के खिलाफ किए गए प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस ने इस बात का मुद्दा बनाने की कोशिश की कि आज आंबेडकर के दिए संविधान की धज्जियां उड़ाने का काम भाजपा ने किया है।


सोनिया गांधी ने आंबेडकर की प्रतिमा के सामने संविधान की प्रस्तावना पढ़ते हुए कहा कि महाराष्ट्र में सरकारी कार्रवाई संवैधानिक मूल्यों के खिलाफ है।

संविधान दिवस के मौके पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्वीट किया, “सभी नागरिकों को बधाइयां और शुभकामनाएं। इस दिन हमारे महान नेताओं को उनके योगदान के लिए श्रद्धांजलि और हम संविधान को बचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं, क्योंकि हमें इस पर गर्व है।”

संविधान दिवस के मौके पर संसद के सेंट्रल हॉल में आयोजित एक कार्यक्रम का कांग्रेस और उसकी सहयोगी पार्टियों ने बहिष्कार किया।


कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा, “हम सभी लोग 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाते हैं। आइए आज संकल्प करें- सत्ता के लिए संविधान की आत्मा को निरंकुश सरकार के पास गिरवी नहीं रखा जाएगा।”

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भी ट्वीट कर कहा, “आज संविधान दिवस है और सत्ता में बैठे लोग संविधान के लोकाचार को दरकिनार कर रहे हैं। वे धन की ताकत के दम पर लोगों की ताकत को कम करने का खेल खेल रहे हैं। हम संविधान के साथ धन शक्ति का सामना करने के लिए प्रतिबद्ध हैं और प्रतिज्ञा लेते हैं कि हम लोकतांत्रिक मूल्यों के साथ ²ढ़ता से खड़े रहेंगे।”

 

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)