BCCI अध्यक्ष के बाद क्या बंगाल BJP में होगी दादा की इंट्री?

  • Follow Newsd Hindi On  
रवि शास्त्री की दोबारा नियुक्ति की जरूरत नहीं: सौरभ गांगुली

दुनिया के सबसे अमीर क्रिकेट बोर्ड BCCI के अध्यक्ष के तौर पर सौरभ गांगुली के नाम का अब बस औपचारिक ऐलान होना बाकी है। क्रिकेट के मैदान पर जलवा दिखाने के बाद गांगुली बोर्ड अध्यक्ष की अपनी भूमिका निभाने की तैयारी कर रहे हैं। BCCI अध्यक्ष का उनका कार्यकाल 10 महीने का होगा लेकिन सवाल उठ रहे हैं कि क्या दादा राजनीति का रुख करेंगे। गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में 2021 में विधानसभा के चुनाव होने हैं।

इससे पहले गांगुली ने इस पद के लिए सोमवार को नामांकन दाखिल किया और वह निर्विरोध इस पर पर काबिज होने को तैयार हैं। प्रशासकों की नई टीम 23 अक्टूबर को अपने-अपने पद संभालेगी। जय शाह नए सचिव हो सकते हैं जबकि अरुण कुमार धूमल कोषाध्यक्ष पद संभालते नजर आ सकते हैं। उनका कार्यकाल 10 महीने का होगा क्योंकि इसके बाद अगले साल सितंबर में उन्हें कूलिंग ऑफ पीरियड पर जाना होगा।


सौरभ गांगुली के राजनीति में शामिल होने की वैसे तो अटकलें पहले से लगती रही हैं मगर हाल के दिनों की कुछ घटनाओं ने इन आधारों को बल दिया है। गांगुली अभी क्रिकेट असोसिएशन ऑफ बंगाल (सीएबी) के मौजूदा अध्यक्ष हैं। मगर अब वो दुनिया की सबसे अमीर क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष बनने से महज कुछ कदम दूर हैं। उन्हें इस सफर में भाजपा का पूरा सहयोग मिला। गृह मंत्री अमित शाह के बेटे जय शाह भी उनकी टीम में हैं। केंद्रीय मंत्री और पूर्व BCCI अध्यक्ष अनुराग ठाकुर और असम के भाजपा नेता हेमंत बिस्वा सरमा का भी उन्हें साथ मिला है। इससे पहले उन्होंने 12 अक्टूबर की रात दिल्ली में गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की।

बंगाल में भाजपा का चेहरा

पश्चिम बंगाल में 2021 में चुनाव होने हैं और ऐसा कहा जा रहा है कि गांगुली तब राज्य में भाजपा का चेहरा हो सकते हैं। जब गांगुली से इस बारे में सवाल किया गया, उन्होंने कहा, ‘कोई भी राजनीतिक व्यक्ति मेरे संपर्क में नहीं था। जहां तक ममता दीदी (ममता बनर्जी) की बात है तो मैं उनके बधाई संदेश के लिए शुक्रिया अदा करता हूं।’ जब गांगुली का कार्यकाल बीसीसीआई अध्यक्ष पद के तौर पर खत्म होगा, तब बंगाल में चुनाव करीब होंगे।

अध्यक्ष बनने के सफर में भाजपा का साथ

47 वर्षीय गांगुली को केंद्रीय मंत्री और पूर्व बीसीसीआई अध्यक्ष अनुराग ठाकुर और असम भाजपा नेता हेमंत बिस्वा सरमा का भी साथ मिला। भाजपा का साथ जिस तरह गांगुली को मिला, उससे कई अटकलें लगाई जा रही हैं। गांगुली ने एक फोटो भी ट्विटर पर शेयर किया जिसमें वह अनुराग ठाकुर के साथ नजर आ रहे हैं। उन्होंने बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष को धन्यवाद भी दिया।


(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)