दो दिन की बढ़त के बाद लुढ़का शेयर बाजार, 193.65 अंक टूटा सेंसेक्स, निफ्टी 59.40 अंक कमजोर

  • Follow Newsd Hindi On  

नए सप्ताह के शुरुआती दो दिनों की बढ़त के बाद  बुधवार को शेयर बाजार की शुरुआत कमजोर रही। एक समय सेंसेक्स में करीब 290 अंक की गिरावट आ चुकी थी। हालांकि दोपहर बाद बाजार संभल गए।  कारोबार के अंत में सेंसेक्स 193.65 अंक गिरकर 39,756.81 पर बंद हुआ, वहीं निफ्टी 59. 40 अंक नीचे 11906 पर बंद हुआ।

गौरतलब है कि, शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स करीब 147.67 अंक गिरकर 39808.57 पर था, जबकि निफ्टी 48.40 अंक गिरकर 11,920.50 पर पहुंच गया। शुरुआती कारोबार में 230 शेयरों में मजबूती तो 430 शेयरों में गिरावट देखी गई। S&P BSE SENSEX में गिरावट आगे भी जारी रही और सुबह 11.30 बजे यह 39,676 तक पहुंच गया।


एशियाई शेयर बाजारों में गिरावट का असर भारतीय शेयर बाजारों पर नजर आने लगा। एक समय सेंसेक्स 290 अंक गिरकर 39,657 पर ट्रेड कर  रहा था तो NSE निफ्टी 11,900 के मनोवैज्ञानिक लेवल से नीचे पहुंच गया। हालांकि दोपहर बाद बाजार कुछ संभल गए। तीन बजे के करीब सेंसेक्स में गिरावट महज 197 अंकों की रह गई।

आपको बता देंं कि कारोबार के दौरान 1022 शेयरों में मजबूती तो 1462 शेयरों में गिरावट देखी गई। गिरने वाले शेयरों में येस बैंक, इंडियाबुल्स हाउसिंग, टेक महिंद्रा, मारुति सुजुकी प्रमुख रूप से शामिल रहे, जबकि टाटा स्टील, गेल, ओएनजीसी, वेदांता, ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज जैसे शेयरों में बढ़त देखी गई। मेटल और एफएमसीजी के अलावा बाकी सभी सेक्टर में गिरावट देखी गई है।

बिकवाली का ऐसा आलम रहा कि 9.33 बजे तक निफ्टी मीडिया और निफ्टी मेटल को छोड़कर निफ्टी के सारे सेक्टोरल इंडिसेज लाल निशान में चले गए थे। बहरहाल, 9:37 बजे तक सेंसेक्स 147.67 अंक (0.37%) टूटकर 39,802.79 अंक जबकि निफ्टी 48.40 अंक (0.40%) की गिरावट के साथ 11,917.20 पर आ चुका था।


एनएसई पर रिएलिटी इंडेक्स में 2% गिरावट

सेंसेक्स के 30 में से 22 और निफ्टी के 50 में से 35 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। बैंकिंग और ऑटो शेयरों में बिकवाली का ज्यादा दबाव रहा। इंडियाबुल्स हाउसिंग फाइनेंस का शेयर 8% नुकसान में रहा। यस बैंक के शेयर में 3% गिरावट आई। एनएसई पर 11 में से 9 सेक्टर इंडेक्स गिरावट में रहे। रिएलिटी इंडेक्स सबसे ज्यादा 2% टूट गया।

बुधवार को शुरुआती कारोबार में रुपया सपाट रहा और डॉलर के मुकाबले 69.45 पर खुला। गौरतलब है कि भारतीय शेयर सूचकांकों में मंगलवार को मजबूती देखी गई थी। मंगलवार को सेंसेक्स में 165 अंकों की बढ़त हुई तो निफ्टी भी 11,950 के स्तर पर बंद हुआ।

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)