Thiruvananthapuram: जानें कौन हैं 21 वर्षीय Arya Rajendran जिन्हें चुना गया है देश का सबसे युवा मेयर

  • Follow Newsd Hindi On  
Thiruvananthapuram: जानें कौन हैं 21 वर्षीय Arya Rajendran जिन्हें चुना गया है देश का सबसे युवा मेयर

सफलता कोई भी हो हमेशा खुशी ही लाती है लेकिन अगर उसी सफलता को पाने वाला कोई युवा हो तो वो खुशी दोगुनी हो जाती है। कुछ ऐसी ही सफलता की मिसाल पेश की है तिरुवनंतपुरम की एक कॉलेज छात्रा ने। यहां की एक कॉलेज छात्रा आर्या राजेंद्रन को देश का सबसे युवा महापौर चुना गया है।

आर्या राजेंद्रन की उम्र महज 21 वर्ष है। जब आर्या को इस बात का पता चला तो उन्हें लगा कि, यह उनके कॉलेज के कुछ दोस्तों द्वारा किया गया कोई प्रैंक है। उन्हें इस बात का विश्वास तब हुआ जब भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI M) के जिला सचिवालय से उसे फोन आया और उसे पार्टी में एक प्रतिष्ठित पद सौंपने की बात कही गई। पार्टी की ओर से ही उन्हें इस बात का पता चला कि वह तिरुवनंतपुरम निगम की नई महापौर होंगी।


बता दें कि हाल ही में महापौर और स्थानीय निकाय के लिए चुनाव हुए थे। यहां 100 सदस्यीय निगम में सत्तारूढ़ पार्टी ने 51 सीटें जीती हैं, जबकि 35 सीटें भाजपा को मिलीं। इसके बाद सत्तारूढ़ दल ने पहली बार की पार्षद को प्रतिष्ठित पद सौंप दिया उनके इस फैसले से सभी हैरान थे। पार्टी की वरिष्ठ नेता जमीला श्रीधरन और दो अन्य भी इस रेस में थे, लेकिन पार्टी ने एक युवा को इसके लिए चुनने का फैसला किया।

आर्या तिरुवनंतपुरम के ऑल सेंट्स कॉलेज में बीएससी गणित की दूसरे वर्ष की छात्रा हैं। वह भले ही युवा हों लेकिन राजनीति उनके लिए नई बात नहीं है। वह छह साल की उम्र में पार्टी से जुड़े बच्चों के संगठन, बाला संगम की सदस्य बन गईं थीं और अब वह इसकी प्रदेश अध्यक्ष हैं। इसके साथ ही वे स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया, पार्टी की युवा शाखा के पदाधिकारी भी हैं।

आर्या का जन्म एक मध्यमवर्गीय परिवार में हुआ था। इनके पिता के राजेंद्रन एक इलेक्ट्रीशियन हैं, जबकि मां श्रीलता राजेंद्रन एलआईसी एजेंट हैं। महापौर के लिए चुने जाने के बाद आर्या बेहद खुश नजर आईं। उन्होंने कहा कि, पार्टी द्वारा दी गई सभी जिम्मेदारियों को अच्छी तरह से निभाउंगी।


(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)