टोक्यो ओलम्पिक की 24 जुलाई से शुरुआत को प्रतिबद्ध : बाख

  • Follow Newsd Hindi On  

टोक्यो, 28 फरवरी (आईएएनएस)| इस समय दुनिया के कई देशों में फैली खतरनाक बीमारी कोरोनोवायरस के कारण इसी साल होने वाले टोक्यो ओलम्पिक खेलों पर भी संदेह के बादल हैं, लेकिन अंतर्राष्ट्रीय ओलम्पिक समिति (आईओसी) के अध्यक्ष थॉमस बाख ने कहा कि उनकी संस्था इस बात को लेकर पूरी तरह से प्रतिबद्ध है कि खेलों का आयोजन तय कार्यक्रम पर ही हो और यह सफल साबित हो। बाख ने गुरुवार को जापान की मीडिया से बात करते हुए कहा कि वह किसी तरह की अफवाह नहीं फैलाने चाहते, लेकिन खिलाड़ियों को आश्वस्त करना चाहते हैं और टोक्यो खेलों में हिस्सा लेने के लिए उत्साहवर्धन करना चाहते हैं।

उन्होंने कहा, “आईओसी की आधिकारिक स्थिति यह है कि हम ओलम्पिक खेल-2020 की सफलता को लेकर प्रतिबद्ध हैं। हम सफलता के लिए सब कुछ कर रहे हैं और साथ ही क्वालीफिकेशन और खिलाड़ियों की तैयारी के लिए भी काफी कुछ कर रहे हैं, क्योंकि ओलम्पिक खेलों में हर इंसान की सुरक्षा चाहे वो खिलाड़ी हो, अधिकारी हो या दर्शक, हमारी और आयोजन समिति की प्राथमिकता है।”


आईओसी के सीनियर सदस्य डिक पाउंड ने हाल ही में कहा था कि कोरोनोवायरस के कारण टोक्यो ओलम्पिक खेलों का आयोजन काफी खतरनाक हो सकता है और आयोजक इसे या तो स्थगित कर सकते हैं या कहीं और स्थानांतिरत कर सकते हैं।

बाख से जब इसपर पूछा गया तो उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि यह बात अपने आप में बहुत कुछ कहती है और हमें नहीं भूलना चाहिए कि पाउंड ने यह भी कहा था कि आईओसी टोक्यो ओलम्पिक का उद्घाटन 24 जुलाई से करने को लेकर प्रतिबद्ध है।”

आईओसी अध्यक्ष ने कहा कि जापान के अधिकारी इस बात को लेकर भरसक प्रयास कर रहे हैं कि खेलों का आयोजन तय समय पर हो।


उन्होंने कहा, “जापान की प्रतिबद्धता, इस खेल आंदोलन को लेकर यह एकता ने एक बार फिर हमें इस स्थिति में पहुंचा दिया है कि जहां हम कह सकें हम इन खेलों के सफल आयोजन के लिए अपनी तैयारियां जारी रखेंगे।”

 

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)