तूफान, बाढ़ बाद सामान्य स्थिति की ओर लौट रहा ओडिशा

  • Follow Newsd Hindi On  

भुवनेश्वर, 14 अक्टूबर (आईएएनएस)| ओडिशा में तूफान और उसके बाद भारी बारिश के कारण कई तटीय इलाकों में हुई तबाही के बाद राज्य तेजी से सामान्य स्थिति की ओर लौट रहा है।

विशेष राहत आयुक्त बिष्णुपद सेठी ने कहा कि बाढ़ की स्थिति में सुधार हो रहा है, क्योंकि पिछले 24 घंटों में किसी भी जिले में बारिश नहीं हुई है।


सेठी ने कहा, “गंजाम जिले में तेजी से सुधार हो रहा है। बाढ़ से तबाह गंजाम जिले के अस्का और पुरुषोत्तमपुर इलाकों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है। रायगाड़ा जिले में स्थिति सामान्य हो रही है। गजपति जिले के सभी विकासखंडों में सड़क संपर्क बहाल कर दिया गया है।”

राज्य के मुख्य सचिव आदित्य प्रसाद पधी ने गजपति, गंजाम और रायगाड़ा जिलों के कलेक्टरों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ राहत एवं बचाव कार्यो की निगरानी की है।

ये तीन जिले तितली तूफान से बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। यह तूफान 11 अक्टूबर को राज्य में पहुंचा था।


एसआरसी ने कहा कि राज्य सरकार ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत शिविरों में रविवार शाम तक भोजन पकाने का काम रोक देने का निर्णय लिया है।

सेठी ने कहा कि मुख्यमंत्री नवीन पटनायक की तरफ से घोषित 15 दिन की वित्तीय सहायता प्रभावित लोगों के बैंक खातों में सीधे भेज दी जाएगी। जिला कलेक्टर सभी प्रभावित लोगों की सूची तैयार कर रहे हैं।

सरकार ने प्रत्येक मृतक के परिवार के लिए चार लाख रुपये अनुग्रह राशि की घोषणा की है।

 

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)