कांग्रेसी नेता ने मांगा हिसाब तो बोले केंद्रीय मंत्री अनंत हेगड़े : तुम तो मुस्लिम महिला के पीछे भागते हो

  • Follow Newsd Hindi On  

केंद्रीय मंत्री अनंत हेगड़े अक्सर अपने विवादित बयानों को लेकर चर्चा में रहते हैं। अभी कर्नाटक की एक रैली में एक बयान देने के बाद विवादों से घिरे केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार हेगड़े ने अब अपने प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के नेता पर व्यक्तिगत टिप्पणी की है। अनंत हेगड़े ने कर्नाटक कांग्रेस के नेता दिनेश गुंडु राव पर उनकी पत्नी को लेकर बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि मैं दिनेश गुंडु राव को एक ऐसे शख्स के रूप में जानता हूं जो एक मुस्लिम महिला के पीछे भागा था।

अपने ऊपर की गई विवादित टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए दिनेश गुंडु राव ने कहा, ‘यह दुखद है कि वह इस तरह बात कर रहे हैं। यह बयान मौजुदा सरकार में ऊंचे पदों में बैठे लोगों का स्तर दिखाता है। वह हमेशा भड़काऊ भाषा का इस्तेमाल करते हैं। शायद उनकी पार्टी के लोग उन्हें ऐसा करने के लिए कहते हैं।’ उन्होंने आगे कहा, ‘लेकिन इस हद तक गिरना और व्यक्तिगत टिप्पणी करना संस्कृति के अभाव को दिखाता है। वह न केवल खुद बल्कि अपने कार्यालय का भी पतन कर रहे हैं।


वहीं दिनेश गुंडु राव की पत्नी तब्बु राव ने अनंत हेगड़े के बयान पर जवाब देते हुए कहा कि, “ मैं एक मुस्लिम के घर पैदा हुई लेकिन हमसब भारतीय हैं और हमें इसपर गर्व है। धर्मनिरपेक्षता की बुनियाद पर बना हमारा देश हर किसी को विचार, अभिव्यक्ति, व्यक्तिगत आस्था, मान्यता और धर्म को मानने की आजादी देता है और इसे सुनिश्चित करता है।” उन्होंने आगे कहा, उन दोनों की व्यक्तिगत राजनीतिक लड़ाई में हेगड़े द्वार मुझे घसीटे जाने की मैं निंदा करती हूं, यह उनकी कमजोरी को भी दिखाता है।

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)