उन्नाव दुष्कर्म मामला : अब डॉक्टर की रहस्यमय ढंग से मौत

  • Follow Newsd Hindi On  

उन्नाव (उत्तर प्रदेश), 13 जनवरी (आईएएनएस)| उन्नाव दुष्कर्म पीड़िता के पिता का इलाज करने वाले डॉक्टर की सोमवार को रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई।

पुलिस हिरासत में बेरहमी से पिटाई के बाद अप्रैल 2018 में प्रशांत उपाध्याय ने उन्नाव दुष्कर्म पीड़िता के पिता का इलाज किया था। डॉक्टर उपाध्याय जिला अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में तैनात थे। उन्होंने प्राथमिक उपचार के बाद दुष्कर्म पीड़िता के पिता को छुट्टी दे दी थी और बाद में उनकी कुछ घंटे बाद हिरासत में मौत हो गई।


इस मामले में सीबीआई जांच के दौरान उपाध्याय को बाद में निलंबित कर दिया गया। बाद में उन्हें बहाल कर दिया गया और वर्तमान में वह फतेहपुर में तैनात थे।

दुष्कर्म पीड़िता के पिता की हत्या से जुड़े मामले की मंगलवार को कोर्ट में सुनवाई होने वाली है।

उनके परिवार के सदस्यों के अनुसार, उपाध्याय ने सोमवार की सुबह सांस लेने में दिक्कत की शिकायत की और अस्पताल जाने से इनकार किया। बाद में जब उन्हें अस्पताल ले जाया गया, तो डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिवार के सदस्यों ने कहा कि वे मधुमेह के रोगी थे।


उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

भाजपा से निष्कासित विधायक कुलदीप सेंगर तिहाड़ जेल में आजीवन कैद की सजा काट रहा है। कुलदीप को उन्नाव पीड़िता से दुष्कर्म के मामले में दोषी करार दिया गया है। कुलदीप का भाई अतुल सेंगर भी लड़की की पिता की हत्या के मामले में जेल में है।

 

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)