उन्नाव मामले पर सर्वोच्च न्यायालय का फैसला उप्र में कायम जंगलराज पर मुहर : प्रियंका

  • Follow Newsd Hindi On  

लखनऊ, 2 अगस्त (आईएएनएस)। उन्नाव दुष्कर्म कांड को लेकर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर शुक्रवार को निशाना साधा और कहा कि सर्वोच्च न्यायालय का फैसला उप्र में फैले जंगलराज और सरकार की नाकामी पर एक मुहर है।

प्रियंका ने ट्वीट किया, “सुप्रीम कोर्ट का फैसला उप्र में फैले जंगलराज और सरकार की नाकामी पर एक मुहर है। अब जाकर भाजपा ने माना कि उन्होंने एक अपराधी को संरक्षण दे रखा था और उसे पार्टी से निष्कासित कर अपनी गलती को सुधारने के लिए कम से कम एक कदम उठाया।”
उन्होंने एक और ट्वीट में लिखा, “बेपनाह मुसीबतें झेल रही और दर्द से लड़ रही उन्नाव की बेटी को अब इंसाफ मिलने की उम्मीद जगी है। उन्नाव की बेटी को न्याय दिलाने के लिए लड़ाई लड़ रहे तमाम कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नागरिकजनों को धन्यवाद।”
ज्ञात हो कि उन्नाव दुष्कर्म पीड़िता अपने परिजनों समेत रविवार को रायबरेली में हादसे का शिकार हो गई थी। कार और ट्रक की टक्कर में पीड़िता की चाची और मौसी की मौत हो गई, जबकि हादसे में बुरी तरह घायल वकील महेंद्र सिंह चौहान और दुष्कर्म पीड़िता की हालत गंभीर है। प्रशासन ने ऐलान किया है कि दुर्घटना में घायल दोनों लोगों (पीड़िता और उसके वकील) के इलाज का सारा खर्च राज्य सरकार वहन करेगी। घायलों का किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी के ट्रमा सेंटर में इलाज चल रहा है।


 

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)