Weather Alert: यूपी, बिहार और झारखंड में जल्द बदलेगा मौसम का मिजाज, बारिश का अलर्ट जारी

  • Follow Newsd Hindi On  
UP Bihar Jharkhand weather alert rain prediction and monsoon to arrive this week

पिछले कुछ दिनों से यूपी, बिहार और झारखंड में गर्मी का सितम जारी है। मौसम विभाग के अनुसार जल्द ही इन राज्यों में गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। 17 और 18 जून के बीच पूर्वी उत्तर प्रदेश में दक्षिणी-पश्चिमी मानसून दस्तक दे सकता है।

मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार उत्तरी अरब सागर, गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार के साथ ही पूर्वी यूपी के कुछ हिस्सों में अगले दो दिनों में मानसून पहुंचने के लिए अनुकूल स्थितियां बनी हुई हैं।


इस बीच झारखंड और बिहार के कुछ हिस्सों में मानसून ने दस्तक दे दी है। अगले दो से तीन दिनों के बीच पूर्वी यूपी में मानसून की बारिश शुरू होने के के पूरे आसार बन गए हैं। प्रदेश में मानसून से पहले की बारिश का सिलसिला भी आज से शुरू हो सकता है।

शनिवार की शाम से रविवार की सुबह के दरम्यान प्रदेश में सबसे अधिक 4-4 सेंटीमीटर बारिश पूरनपुर और स्वार, 3-3 सेमी बारिश रामपुर, सिकन्दरा राव के अलावा 2-2 सेमी बारिश आंवला और बहेड़ी में दर्ज की गई।

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार 15 जून से बुधवार 17 जून के बीच प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में आंधी-पानी के आसार हैं।  यूपी में भी तय समय से 1 या 2 दिन पहले ही मानसून पहुंच जाएगा।


अमूमन यूपी में 20 जून से मानसुनी बरसात सोनभद्र से शुरू होने की उम्मीद है, लेकिन अब इसके थोड़ा और पहले ही शुरू होने की उम्मीद की जा सकती है। दक्षिण-पश्चिम मानसून बिहार में 15 जून के बजाय 13 जून को ही मानसूनी बारिश शुरू हो गई है।

दक्षिण पश्चिम मानसून सबसे पहले पूर्वांचल के रास्ते यूपी में दाखिल होता है। इसके बाद ये तराई के जिलों में दस्तक देता है। इसके 3 से 4 दिनों बाद बुंदेलखंड के रास्ते एक दूसरा मानसूनी सिस्टम यूपी में प्रवेश करता है, जिससे पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक बारिश होती है।

सामान्य तौर पर 25 जून को दक्षिण पश्चिम मानसून पश्चिमी यूपी में दाखिल होता है, लेकिन अभी 2 दिन पहले पहुंचने की उम्मीद की जा सकती है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के कई जिलों के लिए बारिश का अनुमान जारी किया है।

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)