UP: भाजपा विधायक संगीत सोम पर दर्ज मुकदमे वापस लेगी योगी सरकार

  • Follow Newsd Hindi On  
UP: भाजपा विधायक संगीत सोम पर दर्ज मुकदमे वापस लेगी योगी सरकार

उत्तर प्रदेश भाजपा के फायर ब्रांड नेता और सरधना से विधायक संगीत सोम को राज्य सरकार बड़ी राहत देने जा रही है। दरअसल संगीत सोम पर दर्ज मुकदमें को राज्य सरकार वापस लेने जा रही है। गौरतलब है कि सोम पर 2003 से 2017 के बीच में 7 मामले दर्ज हुए हैं।

उत्तर प्रदेश में सरकार बनने के बाद भाजपा नेताओं के अच्छे दिन आ गए हैं। राज्य में सरकार बनने के बाद भाजपा के तमाम नेताओं से मुकदमें वापस लिए जा चुके हैं। अब राज्य सरकार सरधना विधायक और भाजपा के फायर ब्रांड नेता संगीत सोम से मुकदमें वापस लेने की तैयारी कर रही है। भाजपा सरकार लगभग ढाई साल में भाजपा नेताओं और जनप्रतिनिधियों पर दर्ज तमाम ऐसे मुकदमे वापस ले चुकी है, जो बसपा और सपा सरकार के कार्यकाल में उनके खिलाफ दर्ज हुए थे।


दर्ज हैं 7 मुकदमें

संगीत सोम पर वर्ष 2003 से 2017 के बीच मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, मेरठ और गौतमबुद्धनगर में कुल 7 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें मुजफ्फरनगर दंगे के दौरान सहारनपुर और नोएडा में पंचायत करके धारा 144 का उल्लंघन तथा सरधना से कैराना के लिए पैदल मार्च निकालने पर दर्ज किया गया मुकदमा भी शामिल है।

सरकार ने मांगी सभी थानों से रिपोर्ट

उत्तर प्रदेश शासन के विशेष सचिव राम बिलास सिंह ने जिलों से रिपोर्ट मांगी है। संगीत सोम के खिलाफ सहारनपुर के देवबंद, मुजफ्फरनगर के खतौली, कोतवाली, सिखेड़ा, मेरठ के सरधना तथा गौतमबुद्धनगर के थाना बिसाहड़ा में मामले दर्ज हैं। संबंधित थाने, एसएसपी, अभियोजन और जिला प्रशासन इसे तैयार करने में जुटे हैं। शासन ने सभी मामलों में अपराध की धाराएं, न्यायालय का नाम, वाद के तथ्य, वादी की चोटों का विवरण, विवेचना के दौरान बरामदगी, न्यायालय में मुकदमे की वर्तमान स्थिति, क्रास केस की स्थिति पूछी है।


पिछली सरकारों में शवयात्रा, अब शिवयात्रा : संगीत सोम


(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)