उपचुनाव: ओलंपियन रेसलर योगेश्वर 10 हजार मतों से पीछे

  • Follow Newsd Hindi On  

नई दिल्ली, 10 नवंबर (आईएएनएस)। हरियाणा की बरोदा विधानसभा सीट के लिए हुए उपचुनाव की गिनती मंगलवार को सोनीपत में की जा रही है। भाजपा ने यहां से ओलंपियन रेसलर योगेश्वर दत्त को मैदान में उतारा था। इसके बाद इस विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस और भाजपा के बीच कांटे की टक्कर मानी जा रही थी। हालांकि भाजपा के उम्मीदवार और इंटरनेशनल रेसलर योगेश्वर दत्त यहां लगातार कांग्रेस उम्मीदवार से पिछड़ रहे हैं।

फिलहाल योगेश्वर दत्त 11 वें राउंड की गिनती के बाद कांग्रेस उम्मीदवार के मुकाबले 10,000 से अधिक मतों से पीछे हैं। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस उम्मीदवार शुरूआत से ही बढ़त बनाए हुए हैं। 11वें राउंड की गिनती के बाद कांग्रेस यहां मजबूत स्थित में पहुंच चुकी है।


हरियाणा की बरोदा विधानसभा सीट कांग्रेस विधायक कृष्णा हुड्डा के निधन के बाद खाली हुई थी। भाजपा ने यहां ओलंपियन रेसलर योगेश्वर दत्त को, कांग्रेस ने सोनीपत जिला परिषद के पूर्व सदस्य इंदु राज को और इनेलो ने जोगिंदर मलिक को मैदान में उतारा है।

11वें राउंड की गिनती के बाद कांग्रेस प्रत्याशी 10,320 वोटों से आगे चल रहे हैं। कांग्रेस को अभी तक कुल 35,298 वोट प्राप्त हुए हैं। भाजपा के योगेश्वर दत्त को 24,978 वोट मिले हैं। इनेलो को 3496 वोट मिले हैं। वोटों का गिनती सोनीपत के मोहना में की जा रही है।

इस उपचुनाव में कुल 14 उम्मीदवार खड़े हुए थे। 3 नंवबर को वोटिंग हुई। वोटिंग में 68.57 फीसदी लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। कांग्रेस के कृष्ण हुड्डा ने 2009, 2014 और 2019 में यहां लगातार तीन बार जीत दर्ज की है। कांग्रेस विधायक कृष्ण हुड्डा का इसी साल अप्रैल में निधन हो गया था। इसके बाद यह सीट खाली हो गई थी। इस सीट पर बीजेपी ने योगेश्वर दत्त पर दांव खेला है।


अभी तक गिने गए कुल 122,403 में से योगेश्वर 18.50 प्रतिशत वोट ले चुके हैं। वहीं कांग्रेस के इंदुराज को अभी तक 25.91 फीसदी वोट मिले हैं। अभी भी दस राउंड की गिनती बाकी है।

हरियाणा कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष कुमारी शैलजा ने शुरूआती रुझानों में कांग्रेस को बढ़त मिलने के बाद कहा, भारतीय जनता पार्टी के बरोदा में विकास के दावे खोखले साबित हुए हैं। लोगों को बरगलाने की कोशिश की गई, लेकिन लोगों ने भारतीय जनता पार्टी की नहीं मानी।

–आईएएनएस

जीसीबी/एएनएम

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)