उप्र : अयोध्या मामले पर अफसरों ने मीडिया से मांगा सहयोग

  • Follow Newsd Hindi On  

 अयोध्या, 8 नवम्बर (आईएएनएस)| अयोध्या विवाद पर सुप्रीम कोर्ट से निर्णय आने से पहले अयोध्या में अधिकारियों ने मीडिया कर्मियों के साथ बैठक कर सहयोग की अपेक्षा जताई है।

 कमिश्नर मनोज मिश्र, आइजी डॉ. संजीव गुप्त, जिलाधिकारी अनुज कुमार झा एवं एसएसपी आशीष तिवारी ने शुक्रवार शाम मीडियाकर्मियों के साथ बैठक की। इस बैठक का मकसद मंदिर-मस्जिद विवाद में सहयोग करने का रहा।


जिलाधिकारी ने इलेक्ट्रानिक एवं न्यूज पोर्टल के कुछ न्यूज को लेकर सवाल उठाया। मंदिर-मस्जिद विवाद में आने वाले निर्णय का अनुपालन कराने की जानकारी दी। कोर्ट की गाइडलाइन के बारे में बताया। अफवाहों की पुष्टि करने के बाद खबर ब्रेक करने की सलाह दी।

उन्होंने कहा कि निषेधाज्ञा लागू है, परिस्थितियां सामान्य हैं, और सामान्य न होतीं तो 14 कोसी परिक्रमा में 30 लाख श्रद्घालु कैसे आते।

जिलाधिकारी ने बताया कि मीडिया को कोई दिक्कत न होने पाए इसके लिए फैसला आने से पहले मीडिया कंट्रोलरूम शुरू कर दिया गया है। फैसला आने के बाद विवादित ढांचे का फूटेज न चलाने का आग्रह उन्होंने इलेक्ट्रानिक चैनलों से किया। जश्न मनाने पर लगे प्रतिबंध के बारे में जानकारी दी। शादी एवं किसी भी मांगलिक कार्यक्रमों व पूजन-अर्चन व रामलला के दर्शन पर प्रतिबंध न होने के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि पक्षकारों की बाइट लेने से बचा जाए।


एसएसपी आशीष तिवारी ने बताया, “पर्याप्त फोर्स उपलब्ध है। विवादित परिसर के आसपास का क्षेत्र खाली नहीं कराया जाएगा। किसी प्रकार की बंदिश नहीं है। निषेधाज्ञा का सभी को अनुपालन करना है। आइपीसी एवं आइटी एक्ट सभी के लिए है।”

उल्लेखनीय है कि सुप्रीम कोर्ट के प्रधान न्यायाधीश रंजन गोगोई के नेतृत्व वाली संविधान पीठ शनिवार को अयोध्या विवाद पर सुबह 10 बजे फैसला सुनाएगी।

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)