लोकसभा चुनाव 2019: कांग्रेस ने उत्तर मुंबई से उर्मिला मातोंडकर को बनाया उम्मीदवार

  • Follow Newsd Hindi On  
र्मिला मातोंडकर को कांग्रेस ने मैदान में उतारा, नार्थ मुंबई सीट से लड़ेंगी चुनाव

रंगीला गर्ल’ बॉलिवुड ऐक्ट्रेस उर्मिला मातोंडकर बुधवार को कांग्रेस में शामिल हुई थी। तभी से चर्चा जोरो पर थी कि वह उत्तर मुंबई सीट से लोकसभा चुनाव लड़ सकती हैं। लेकिन अब कांग्रेस पार्टी ने इसकी आधिकारिक पुष्टी भी कर दी है। कांग्रेस ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है।

बीजेपी का गढ़ है उत्तर मुंबई की सीट

यह सीट बीजेपी का गढ़ मानी जाती है। उर्मिला के लिए यहां वोटों को जीत में बदलना इतना आसान नहीं होगा। उत्तर मुंबई लोकसभा सीट पर गुजराती-मराठी वोटों का समीकरण लगभग समान है। दोनों मिलाकर कुल वोटों का लगभग 60 प्रतिशत होगा। 40 प्रतिशत में बड़ा हिस्सा उत्तर भारतीय और मुस्लिम वोटों का है।


बीजेपी के गुजराती वोट के खिलाफ कांग्रेस ने उर्मिला मांतोडकर के रूप में मराठी उम्मीदवार दिया है। उत्तर भारतीय वोटों में खुद मुंबई कांग्रेस के नेता संजय निरुपम की पैठ है। वह उत्तर मुंबई से एक बार सांसद रह चुके हैं। पास की उत्तर-पश्चिम मुंबई सीट से ही निरुपम चुनाव लड़ रहे हैं। अलावा इसके उर्मिला को महिला होने, अभिनेत्री होने का भी फायदा मिलने का अंदाजा लगाया जा रहा है।

कांग्रेस ने कई फिल्मी सितारों से किया था संपर्क

गौरतलब है कि 2004 में फिल्म अभिनेता गोविंदा ने ही उत्तर मुंबई की सीट कांग्रेस के लिए जीती थी। इसी क्रम में फिल्म जगत के कई प्रभावशाली लोगों से कांग्रेस की बात चल रही थी। उर्मिला के अलावा अमीषा पटेल, डिंपल कपाड़िया, केतकी दवे से भी संपर्क किया गया था। इनके अलावा महेश मांजरेकर से भी बात की गई थी।

कांग्रेस का अपना आकलन है कि उर्मिला मातोंडकर, बीजेपी उम्मीदवार गोपाल शेट्टी को कड़ी टक्कर दे सकती हैं। हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि बीजेपी के गढ़ में उर्मिला कितने वोट काट पाएंगी, अभी यह कहना मुश्किल है, लेकिन वह कांग्रेस को चर्चा में जरूर बनाए रखेंगी।

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)