यूपी: महिलाओं के खिलाफ अपराध का गढ़ बना उन्नाव, 11 महीने में रेप की 86 घटनाएं आईं सामने

  • Follow Newsd Hindi On  
यूपी: महिलाओं के खिलाफ अपराध का गढ़ बना उन्नाव, 11 महीने में रेप की 86 घटनाएं आईं सामने

देशभर से महिलाओं के खिलाफ हैवानियत की खबरें आ रही हैं। हैदराबाद की तर्ज पर ही गुरुवार को उत्तर प्रदेश के उन्नाव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एक साल पहले गैंगरेप का शिकार हुई युवती को गुरुवार तड़के आरोपियों ने चाकू मारकर घायल किया, फिर उस पर तेल छिड़क कर जिंदा जलाने की कोशिश की। इस हमले में 90 फीसदी झुलसी हालत में पीड़िता को गंभीर हालत में उसे पहले सुमेरपुर स्थित सीएचसी फिर जिला अस्पताल ले जाया गया। सुबह करीब 11 बजे लखनऊ के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। सीएम योगी आदित्यनाथ के आदेश पर शाम छह बजे उसे एयर एंबुलेंस से दिल्ली लाया गया।

उन्नाव मामले में सरकार को विपक्ष ने घेरा, मांगा मुख्यमंत्री का इस्तीफा

इस घटना के प्रकाश में आने के बाद ये स्पष्ट हो गया है कि उत्तर प्रदेश में अपराधी खुलेआम पुलिस को चुनौती दे रहे हैं। इतना ही नहीं, उन्नाव महिलाओं के खिलाफ अपराध के लिए कुख्यात हो गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, इस साल जनवरी से लेकर नवंबर तक उन्नाव जिले में रेप की 86 घटनाएं हो चुकी हैं। इसके अलावा महिलाओं के साथ छेड़छाड़ के 185 मामले सामने आए हैं।


कुलदीप सेंगर पर रेप केस से सुर्खियों में आया उन्नाव

आपको बता दें कि डेढ़ साल पहले बांगरमऊ विधायक कुलदीप सिंह सेंगर का नाम दुष्कर्म में आने के बाद से उन्नाव सुर्खियों में बना है। तीन अप्रैल 2018 को कुलदीप सेंगर के गांव की ही लड़की ने दुष्कर्म का आरोप लगाया था। इस मामले में विधायक जेल में हैं और दिल्ली के तीस हजारी कोर्ट में सुनवाई चल रही है। बताया जा रहा है कि इस मामले में जल्द ही फैसला आ सकता है। गुरुवार की उन्नाव की इस वीभत्स घटना ने एक बार फिर से लोगों को झकझोरकर रख दिया।


उन्नाव रेप केस: अदालत ने कुलदीप सेंगर के खिलाफ आरोप तय करने के दिए आदेश


(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)