यूपी: बीजेपी के घर में कांग्रेस की सेंधमारी, महेंद्रनाथ पांडेय की बहू थामेंगी प्रियंका का हाथ

  • Follow Newsd Hindi On  
यूपी: बीजेपी के घर में कांग्रेस की सेंधमारी, महेंद्रनाथ पांडेय की बहू थामेंगी प्रियंका का हाथ

लोकसभा चुनाव के मद्देनज़र नेताओं का दल-बदल कार्यक्रम जोर-शोर से चल रहा है। इसी बीच उत्तर प्रदेश में बीजेपी को बड़ा झटका लगा है। यहाँ कांग्रेस बीजेपी के किले में बड़ा सेंध लगाने में कामयाब होती नजर आ रही है। खबर है कि बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्रनाथ पांडेय की बहू अमृता पांडेय ने प्रियंका गांधी की मौजूदगी में बुधवार को कांग्रेस का हाथ थामने का फैसला किया है। अमृता, महेंद्रनाथ पांडेय के भाई जितेंद्रनाथ पांडेय की पुत्रवधू हैं।

बता दें कि प्रियंका गांधी इन दिनों पूर्वांचल के दौरे पर हैं। उन्होंने सोमवार को प्रयागराज से वाराणसी यात्रा की शुरुआत की है। प्रियंका गांधी गंगा में बोट पर सवार होकर बुधवार को काशी पहुंचेंगी। ऐसे में इस यात्रा के जरिए प्रियंका गांधी सियासी समीकरण साधने की कवायद कर रही हैं। तो वहीं, बीजेपी के घर में प्रियंका गांधी बड़ा झटका देने में कामयाब होती दिख रही हैं।


उत्तर प्रदेश के बीजेपी अध्यक्ष महेंद्रनाथ पांडेय के भाई जितेंद्रनाथ पांडेय के बेटे वरुण की पत्नी अमृता पांडेय ने कांग्रेस में शामिल होने का फैसला लिया है। इस कड़ी में मंगलवार को प्रियंका गांधी से मिर्जापुर के चुनार में मुलाकात करेंगी।

कांग्रेस का हाथ थामने के फैसले पर अमृता पांडेय ने कहा कि गांधी परिवार और कांग्रेस पार्टी से पुराना जुड़ाव रहा है। ऐसे में अब प्रियंका गांधी जब राजनीति में आ गई हैं तो हमने भी कांग्रेस में शामिल होने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि आने वाला दौर नरेंद्र मोदी का नहीं बल्कि कांग्रेस का है। इसीलिए हमने कांग्रेस के साथ जाने का कदम उठाया है।

दरअसल, अमृता पांडेय का ससुराल भले ही बीजेपी की राजनीतिक विचाराधार से जुड़ा हो, लेकिन उनका मायका कांग्रेसी रहा है। ऐसे में एक तरह से वो अपनी ‘घर वापसी’ कर रही हैं। अमृता कहती हैं कि बीजेपी ने ब्राह्मण ही नहीं बल्कि सभी समाज के सभी लोगों को धोखा देने का काम किया है। युवा, किसान और व्यापारी सभी परेशान है।


चुनाव लड़ने के सवाल पर अमृता पांडेय ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जो भी फैसला करेगी, उसे हम स्वीकार करेंगे। लेकिन फिलहाल प्रियंका गांधी के साथ मिलकर काम करना हमारा मकसद है। कांग्रेस पार्टी और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री कमलापति त्रिपाठी से हमारा पुराना नाता रहा है।

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)