UP: मऊ में नाश्ता बनाते समय सिलेंडर फटने से 10 की मौत, दो मंजिला इमारत ध्वस्त

  • Follow Newsd Hindi On  
UP: मऊ में नाश्ता बनाते समय सिलेंडर फटने से 10 की मौत, दो मंजिला इमारत ध्वस्त

उत्तर प्रदेश के मऊ में आज की सुबह कुछ लोगों के लिए उनके जीवन की आखिरी सुबह साबित हुई। जिले के मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के वलीदपुर में सुबह नाश्ता बनाते समय रसोई गैस सिलेंडर में हुए विस्फोट से 10 लोगों की जान चली गई। वहीं हादसे में 30 से अधिक लोग घायल हैं जिनमें आधा दर्जन लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि दो मंजिला मकान पूरी तरह से ध्वस्त हो गया। विस्फोट से आस पास के कई मकान भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं। कुछ घायलों को आज़मगढ़ भेजा गया है। जेसीबी से मलबा हटाकर दबे लोगों को खोजा जा रहा है। आला अधिकारियों की देख रेख में बचाव और राहत का काम चल रहा है। सीएम योगी ने भी अधिकारियों को कई निर्देश दिए हैं।

नाश्ता बनाते समय गैस रिसाव से फटा सिलेंडर

बताया जाता है कि वलीदपुर निवासी छोटू बढ़ई के घर सुबह करीब साढ़े सात बजे महिलाएं चाय व नाश्ता बना रही थीं। इसी दौरान गैस रिसाव से सिलेंडर में आग लग गई। इससे पहले की कुछ किया जा सकता सिलेंडर में विस्फोट हो गया। विस्फोट की आवाज पर आसपास के लोग मौके की तरफ भागे। मकान के अंदर जाने की लोग कोशिश कर ही रहे थे कि पूरा मकान भरभरा कर गिर गया।


मकान गिरते ही अफरातफरी मच गई। चीख पुकार के बीच किसी तरह मलबे में दबे लोगों को निकालने की कोशिश शुरू हुई। आला अधिकारियों के साथ एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड भी पहुंच गई। लोगों को मलबे से निकाल निकाल कर अस्पताल भेजा गया। बताया जाता है कि सात लोगों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। तीन लोगों ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।

CM योगी ने मामले पर लिया संज्ञान

इस हादसे पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान ले लिया है। योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिवारों के प्रति गहरा शोक व्यक्त किया है। सीएम योगी ने घायलों के इलाज की व्यवस्था कराने के लिए तत्काल आदेश दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि हादसे में घायलों को हर संभव मदद करने की कोशिश की जाएगी। जिला प्रशासन के अधिकारियों को तत्काल सेवाएं मुहैया कराने का निर्देश भी योगी ने दिया है।


(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)