यूपी: RLD उपाध्यक्ष जयंत चौधरी का विवादित बयान, BJP को बताया ‘जूतियों’ की पार्टी

  • Follow Newsd Hindi On  
यूपी: RLD उपाध्यक्ष जयंत चौधरी का विवादित बयान, BJP को बताया 'जूतियों' की पार्टी

लोकसभा चुनाव की गहमागहमी के बीच नेताओं की जुबान फिसल रही है। इस बार पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बागपत से चुनाव लड़ रहे राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जयंत चौधरी ने विवादित बयान दिया है। शामली में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने बीजेपी को जूतियों की पार्टी बता डाला।

आपको बता दें कि चुनाव प्रचार में जुटे जयंत चौधरी ने शामली जनपद में कई जगह सभाओं को संबोधित किया। थाना आदर्श मंडी क्षेत्र के कस्बा बनत में उन्होंने एक सभा को संबोधित करते हुए यह बयान दिया। बीते दिनों बीजेपी सांसद और विधायक के बीच जूतमपैजार पर तंज कसते हुए जयंत ने बीजेपी को जूतिया पार्टी बताया। उन्होंने कहा कि वह गाली तो नहीं देना चाहते लेकिन बीजेपी जूतियों की पार्टी है।


इसके अलावा जयंत चौधरी से जब पूछा गया कि इस बार कांग्रेस पार्टी उनके साथ गठबंधन में नहीं है और कांग्रेस पार्टी ने कैराना लोकसभा सीट पर अपना जाट उम्मीदवार उतारा है तो वह भड़क उठे। उन्होंने कहा कि जाट वोटर कहां जाएगा किस को वोट देगा, इसका उन्होंने कभी ठेका नहीं लिया।

आपको बता दें कि जनपद शामली जाट बाहुल्य क्षेत्र माना जाता है और कैराना लोकसभा सीट पर जाटों की अहम भूमिका मानी जाती है। राष्ट्रीय लोकदल पार्टी जाटों के सहारे अपनी राजनीति करती है।  बता दें कि रालोद उपाध्यक्ष जयंत चौधरी पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के पोते और आरएलडी अध्यक्ष अजित सिंह के बेटे हैं।


(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)