शत्रुघ्न सिन्हा की पत्नी पूनम सिन्हा सपा में शामिल, लखनऊ से राजनाथ सिंह को देंगी चुनौती

  • Follow Newsd Hindi On  
शत्रुघ्न सिन्हा की पत्नी पूनम सिन्हा सपा में शामिल, लखनऊ से राजनाथ सिंह को देंगी चुनौती

बीजेपी से कांग्रेस में शामिल हुए अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा की पत्नी पूनम सिन्हा ने समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया है। पूनम सिन्हा ने मंगलवार को लखनऊ में सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। पहले इस बात की चर्चा थी कि पूनम सिन्हा इलाहाबाद से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ सकती हैं। लेकिन उन्होंने सपा में शामिल होकर अटकलों पर विराम लगा दिया है।

कहा जा रहा है कि समाजवादी पार्टी उन्हें लखनऊ सीट से गृहमंत्री राजनाथ सिंह के सामने गठबंधन उम्मीदवार घोषित कर सकती है। पूनम सिन्हा के नाम का नामांकन पत्र ले लिया गया है और वे 18 अप्रैल की सुबह नामांकन करेंगी। पिछले दिनों शत्रुघ्न सिन्हा की अखिलेश यादव से मुलाक़ात भी हुई थी। इस मुलाकात के दौरान पूनम सिन्हा को लखनऊ से टिकट देने की बात तय हुई थी। लेकिन उनके नाम की घोषणा से पहले समाजवादी पार्टी चाहती थी कि पहले शत्रुघ्न सिन्हा कांग्रेस में शामिल हो जाएं, ताकि लखनऊ सीट से विपक्ष का एक साझा उम्मीदवार मैदान में हो।


विपक्ष की साझा उम्मीदवार हो सकती हैं पूनम सिन्हा

गौरतलब है कि समाजवादी पार्टी को लखनऊ लोकसभा सीट से किसी ऐसे चेहरे की तलाश थी, जो राजनाथ सिंह को टक्कर दे सके। इसके अलावा कांग्रेस की तरफ से भी कोई राजनाथ सिंह के खिलाफ कोई लड़ने को तैयार नहीं दिख रहा है। कांग्रेस एक ब्राह्मण चेहरे को यहां से प्रत्याशी बनाना चाहती थी। इसके लिए जितिन प्रसाद को ऑफर भी दिया गया। लेकिन कहा जाता है कि जितिन इसके लिए तैयार नहीं हुए। इसके बाद कांग्रेस ने प्रमोद कृष्णम और हिन्दू महासभा के स्वामी चक्रपाणि महाराज को यहां से लड़ने का ऑफर दिया। लेकिन उन्होंने भी मना कर दिया।

अब कहा जा रहा है कि शत्रुघ्न सिन्हा ने कांग्रेस आलाकमान को इस बात के लिए सहमत कर लिया है कि पार्टी लखनऊ से कोई प्रत्याशी मैदान में खड़ा नहीं करेगी, जिससे वोटों के बंटवारे को रोका जा सके। पूनम सिन्हा को मैदान में उतारने के पीछे की एक वजह ये भी बताई जा रही है कि लखनऊ में करीब ढाई लाख के आस-पास कायस्थ मतदाता है। साथ ही उनके नाम के साथ शत्रुघ्न सिन्हा का स्टारडम भी है। इतना ही नहीं पूनम सिन्हा खुद सिन्धी परिवार से आती हैं, जिसका भी एक अच्छा वोट बैंक लखनऊ में है।

बता दें कि गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को लखनऊ में एक रोड शो के बाद नामांकन किया। लखनऊ में पांचवें चरण के दौरान 6 मई को मतदान होना है। नामांकन की आखिरी तारीख 18 अप्रैल है। मुमकिन है आज शाम तक पूनम सिन्हा की उम्मीदवारी की आधिकारिक घोषणा कर दी जाएगी।

कौन हैं पूनम सिन्हा

शत्रुघ्न सिन्हा की पत्नी होने के अलावा पूनम सिन्हा की पहचान बॉलीवुड अभिनेत्री की रही है।। 65 साल की पूनम सिन्हा शुरूआती दौर में कुछ बॉलीवुड फिल्मों में दिखाई दी थी लेकिन साल 1980 में शत्रुघ्न सिन्हा से शादी करने के बाद उन्होंने रूपहले पर्दे से पूरी तरह किनारा कर लिया। शुरूआती समय में वह कोमल नाम से हिंदी फिल्मों में आईं थी। फिल्मों में आने से पहले वह मिस यंग इंडिया प्रतियोगिता की विजेता भी रह चुकीं थीं। इसी के बाद उन्होंने बॉलीवुड में एंट्री की थी। कुछ साल पहले आशुतोष गोवारिकर की फिल्म जोधा अकबर में नज़र आई थीं।

फिल्म में उन्होंने ऋतिक रोशन की मां का दमदार रोल निभाया था। इसके अलावा भी वो एक दो फिल्मों में दिखी हैं। उन्होंने कुछ फिल्में निर्देशित भी की हैं। पूनम सिन्हा एक बेटी और दो बेटियों की मां भी हैं। ऐसे में अब हर किसी को उनकी सियासी पारी का इंतजार है।

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)