उत्तराखंड में 11 अप्रैल को होगा मतदान

  • Follow Newsd Hindi On  

 देहरादून, 10 मार्च (आईएएनएस)| उत्तराखंड में लोकसभा की सभी पांच सीटों पर मतदान चुनाव के पहले चरण में 11 अप्रैल को होगा। निर्वाचन आयोग ने रविवार को यह घोषणा की।

  आयोग की घोषणा के बाद राज्य के निर्वाचन अधिकारियों ने चुनावी तैयारियों की समीक्षा की।


राज्य मुख्य निर्वाचन अधिकारी सौजन्या ने तैयारियों की समीक्षा बैठक के बाद कहा कि हम चुनाव के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।

साल 2014 के आम चुनाव में सभी पांच सीटों पर भारतीय जनता पार्टी विजयी रही थी। 2009 के चुनाव में सभी सीटें कांग्रेस ने जीती थीं। इस बार भी सीधा मुकाबला इन्हीं दो दलों के बीच है।

माना जा रहा है कि भाजपा टिहरी, हरिद्वार, नैनीताल और पिथौरागढ़ के वर्तमान सांसदों को फिर से मैदान में उतारेगी। केवल पौड़ी सीट को लेकर सस्पेंस बना हुआ है जहां के सांसद पूर्व मुख्यमंत्री बी.सी.खंडूरी ने स्वास्थ्य कारणों से चुनाव लड़ने के प्रति असमर्थतता जताई है।


राज्य भाजपा अध्यक्ष अजय भट्ट ने कहा कि उनकी पार्टी सभी पांचों सीट फिर से जीतने जा रही है। जल्द ही सभी प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी जाएगी।

राज्य कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने भी कहा कि सभी प्रत्याशियों के नामों का ऐलान जल्द ही कर दिया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि पार्टी 2009 का प्रदर्शन दोहराते हुए सभी पांचों सीट जीतेगी।

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)