उत्तराखंड में राहत बचाव के लिए समन्वय बनाने पहुंचे यूपी के मंत्री, अधिकारी

  • Follow Newsd Hindi On  

लखनऊ 9 फरवरी (आईएनएस)। उत्तराखंड के चमोली में ऋषिगंगा के पानी से मचे जल प्रलय में उत्तर प्रदेश के लापता श्रामिकों व कर्मिकों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चिंतित हैं। इसे देखते हुए उन्होंने एक मंत्रियों और अधिकारियों की टोली उत्तराखंड भेजी है। जो वहां के प्रशासनिक अफसरों से समन्वय बनाकर काम करेंगे और लपाता लोगों की खोज भी करेंगे।

राहत कार्य को गति देने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तीन मंत्रियों का समूह भेजा है। इसके साथ ही अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी के नेतृत्व में प्रशासनिक तथा पुलिस अधिकारियों की टीम उत्तराखंड शासन के साथ समन्वय करेगी।


योगी आदित्यनाथ सरकार ने उत्तराखंड की बड़ी आपदा में राहत कार्य में मदद देने के लिए कैबिनेट मंत्री सुरेश राणा, आयुष मंत्री धर्म सिंह सैनी व बाढ़ राहत राज्यमंत्री विजय कश्यप को उत्तराखंड भेजा है। यह मंत्री उत्तराखंड में हादसे वाली जगह का दौरा करेंगे। इसके साथ ही उत्तराखंड सरकार से सम्पर्क करके आपदा पीड़ितों को सहायता उपलब्ध कराएंगे।

राहत आयुक्त संजय गोयल ने बताया कि अभी तक इस आपदा से तकरीबन 70 लोग लपाता होने की खबर है। जिन्हें खोजने का प्रयास चल रहा है। इसके लिए सहारनपुर के एडीएम विनोद कुमार, बिजनौर के एसपी क्राइम अनित कुमार, खीरी के एसडीएम अमरेश कुमार, फ्लड एक्सपर्ट व कमिश्नर चन्द्रकांत को भेजा गया है। जो उत्तराखंड पहुंचकर वहां के अधिकारियों से मिलकर आपस में तालमेल बिठाकर सूचनाओं का अदान-प्रदान कर रहे हैं। आगे जैसे हालात बनेंगे उसी प्रकार काम किया जाएगा। वहां पहुंचकर डिटेल्स एकत्रित किया जा रहा है। जिनसे फोन से संपर्क नहीं हो सकता है। उनसे अन्य साधन से बातचीत के लिए तैयारी की जा रही है।

इस त्रासदी में फंसे लोगों की सहायता के लिए लखनऊ में राहत आयुक्त कार्यालय में 24 घंटे संचालित रहने वाला कंट्रोल रूम बनाया गया है। जिसका नंबर हेल्पलाइन नम्बर 1070 है। लखनऊ में राहत आयुक्त कार्यालय में राज्य स्तरीय इमरजेंसी अपरेशन सेंटर को क्रियाशील कर दिया गया है। प्रदेश के लापता व्यक्तियों के परिजन लापता व्यक्ति का विवरण राहत हेल्पलाइन-1070 व व्हाट्सएप नंबर 9454441036 पर दर्ज करा सकते हैं। इसके साथ ही आपदा प्रभावित उत्तर प्रदेश के जनपदों में भी कंट्रोल रूम स्थापित हैं। जहां प्रशासन, पुलिस और सिंचाई विभाग के कर्मचारी 24 घंटे अपनी सेवाएं दे रहे हैं।


मुख्यमंत्री ने कहा कि, आपदा की इस घड़ी में उत्तर प्रदेश सरकार अपने प्रदेश के नागरिकों सहित सभी प्रभावितों को हर संभव मदद उपलब्ध कराने के लिए संकल्पित है। इसके दृष्टिगत उन्होंने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से दूरभाष पर वार्ता कर उनको उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से हर संभव सहायता का भरोसा दिया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चमोली हादसे में मृत प्रदेश के लोगों के आश्रितों को दो-दो लाख रुपया मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से मदद रूप में उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। इसके साथ घायलों के लिए समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने का आदेश दिया है।

–आईएएनएस

विकेटी/एएनएम

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)