विदेशी नेताओं ने चीनी नव वर्ष पर दीं शुभकामनाएं

  • Follow Newsd Hindi On  

बीजिंग, 12 फरवरी (आईएएनएस)। चीनी नव वर्ष के मौके पर कई देशों के नेताओं और अंतर्राष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधियों ने चीन सरकार, चीनी लोगों और विदेशों में रहने वाले प्रवासी चीनियों को त्योहार की शुभकामनाएं दीं।

75वीं संयुक्त राष्ट्र महासभा के अध्यक्ष वोल्कन बोजखिर ने अपने संदेश में कहा कि चीनी संस्कृति में मवेशी प्रगति, बहादुरी, ईमानदारी और कड़ी मेहनत का प्रतिनिधित्व करता है। ये विशेषताएं यूएन में हमारे कार्य के लिए भी बहुत महत्वपूर्ण हैं। आशा है कि वृषभ वर्ष हम सब लोगों के जीवन में सुख, समृद्धि लाएगा।


वहीं जापानी प्रधानमंत्री सुगा योशीहिदे ने जापान में एक चीनी अखबार के जरिए वसंत त्योहार की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जापान-चीन संबंधों का स्थिर विकास दोनों देशों के लिए ही नहीं, बल्कि क्षेत्रीय और अंतर्राष्ट्रीय समुदाय के लिए भी बेहद अहम है। जापान चीन के साथ मिलकर क्षेत्रीय और अंतर्राष्ट्रीय समुदाय के सामने मौजूद समस्याओं का निपटारा करने का कर्तव्य निभाना चाहता है।

उधर श्रीलंका के प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे ने वीडियो के जरिए चीनी जनता को नए साल की बधाई दी। उन्होंने कहा कि श्रीलंका-चीन मैत्री व सहयोग का इतिहास बहुत लंबा है। महामारी का मुकाबला करने की गंभीर चुनौती में दोनों की मैत्री और मजबूत हुई। हाल में विश्व के विभिन्न देश टीकाकरण करने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। श्रीलंका के नागरिक चीन द्वारा विश्व को दी गयी मदद के लिए आभार जताना चाहते हैं।

वहीं फिलीपींस के राष्ट्रपति रोड्रिगो दुतेर्ते ने फिलीपींस स्थित चीनी दूतावास में आयोजित ऑनलाइन नव वर्ष के सत्कार समारोह को पत्र भेजकर चीनी जनता को शुभकामना दी। उन्होंने आशा जताई कि फिलीपींस-चीन मैत्रीपूर्ण सहयोग लगातार गहरा होगा। दोनों देशों की मैत्री और प्रगाढ़ होगी।


वहीं फिजी, सेल्विया, डेनमार्क, आईसलैंड, साइप्रस, पेरू, मध्य अफ्रीकी गणराज्य, जॉर्डन व ईरान आदि देशों के नेताओं और एशिया में बातचीत और विश्वास निर्माण उपायों पर सम्मेलन (सीआईसीए) के महासचिव ने भी चीनी नव वर्ष पर संदेश भेजे।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

— आईएएनएस

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)