वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन में बढ़ाएंगे भाजपा का जनाधार : दीपक प्रकाश (साक्षात्कार)

  • Follow Newsd Hindi On  

रांची, 28 फरवरी (आईएएनएस)| झारखंड भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश का कहना है कि ‘झारखंड प्रारंभ से ही पार्टी के लिए उर्वरा रही है और आगे भी हम कार्यकर्ताओं के बल और वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन में पार्टी के जनाधार को आगे बढ़ाएंगे।’

उन्होंने पार्टी में किसी भी प्रकार के गुट से इनकार करते हुए कहा कि झारखंड में भाजपा निर्गुट है।


जमीनी कार्यकर्ता से प्रदेश अध्यक्ष के पद पर पहुंचने वाले दीपक प्रकाश ने आईएएनएस के साथ एक विशेष भेंट में खुद को आम कार्यकर्ता बताते हुए कहा, “मैं आज भी पार्टी का कार्यकर्ता हूं। पार्टी के अंदर पद एक व्यवस्था जरूर है, लेकिन आज भी मैं अपने आप को कार्यकर्ता ही मानता हूं। जिम्मेवारी की व्याख्या है, उसके तहत काम करना है। पार्टी ने मेरी योग्यता-क्षमता को देखते हुए बहुत कुछ दिया है।”

वर्ष 1978 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से एक कार्यकर्ता के रूप में काम करने वाले दीपक प्रकाश ने कहा कि उन्होंने पार्टी के सभी बड़े नेताओं बाबूलाल मरांडी, अर्जुन मुंडा, रघुवर दास के साथ काम किया है। उन्होंने झारखंड में भाजपा में किसी गुट को होने से इनकार करते हुए कहा कि इन तीनों वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन, लाखों कर्तव्यनिष्ठ कार्यकर्ताओं के बल और लाखों मतदाताओं के समर्थन से वे पार्टी के जनाधार को आगे बढ़ाएंगे।

उन्होंने कहा कि झारखंड के मतदाताओं ने भाजपा को विपक्ष में बैठने का जनादेश दिया है। इस जनादेश के आधार पर उनकी पार्टी रचानात्मक और सकारात्मक विपक्ष की भूमिका निभाएगी।


प्रकाश आगे कहते हैं, “मैंने चार दशक से ज्यादा समय पार्टी में काम किया है। सबके साथ काम किया है। कड़िया मुंडा, ललित उरांव, गोविंदाचार्य, कैलाशपति मिश्र जैसे दिग्गज नेताओं के साथ काम करने और सान्निध्य का अवसर मिला है। इनसे प्रतिबद्धता सीखी है। उसी प्रतिबद्धता और कर्तव्यनिष्ठता के साथ अब भी आगे बढ़ रहा हूं।”

प्रदेश भाजपा में सचिव, उपाध्यक्ष और महामंत्री की जिम्मेदारी संभाल चुके प्रकाश ने दावा करते हुए कहा कि उनका वरिष्ठ नेताओं से लेकर आम कार्यकर्ताओं तक से बेहतर संबंध और संवाद रहा है, इस कारण किसी प्रकार की समस्या का प्रश्न ही नहीं उठता है।

भाजपा के खोए साख को लौटाने के संबंध में पूछे जाने पर बेबाक तरीके से कहा, “भाजपा के कार्यकर्ताओं का बल हमारे पास है। कार्यकर्ताओं की खासियत है कि चुनौती को अवसर में बदलेंगे। कार्यकर्ता संकल्प के साथ आगे बढ़ेंगे। वर्तमान में हेमंत सोरेन सरकार जनविरोधी फैसले कर रही है। इस सरकार के खिलाफ जनाक्रोश अभी से तैयार हो रहा है। इसी आक्रोश को भाजपा अवसर में बदलेगी।”

उन्होंने वर्तमान सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान सरकार पिछली सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को ध्वस्त करने पर तूली है। किसानों, महिला और गरीबों के लिए चलाई जा रही योजनाओं को बंद कर रही है। राज्य में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो गया। नक्सली फिर से अपना तांडव शुरू करने लगे।

उन्होंने विधानसभा में भाजपा की हार के कारण पूछे जाने पर कहा कि विरोधियों ने मतदाताओं को दिग्भ्रमित किया। ऐसी-ऐसी घोषणाएं की हैं, जो सरकार कभी पूरी नहीं कर सकती। उन्होंने कहा कि भाजपा गठबंधन की सरकार की घोषणाओं को पूरा कराने के लिए दबाव बनाएगी।

अखिल भारतीय भारतीय विद्यार्थी परिषद, भारतीय जनता युवा मोर्चा और भाजपा की प्रदेश समिति में विभिन्न पदों का दायित्व निभा चुके प्रकाश ने नई समिति के संदर्भ में पूछने पर बताया कर्मठ लोगों को समिति में स्थान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि समिति में समाज के प्रत्येक वर्ग का प्रतिनिधित्व हो, इसकी कोशिश की जाएगी।

 

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)