Jharkhand: शराबी पति रोज करता था मारपीट, महिला ने गुस्से में आकर किया पति का कत्ल

  • Follow Newsd Hindi On  
Wife got angry and murdered her alcoholic husband

लोहरदगा जिले के बगडू थाना  में एक महिला ने रोज के झगड़े से परेशान होकर अपने शराबी पति की हत्या कर दी। घटना की सूचना के बाद शनिवार को बगडू गांव पहुंची पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। एक खबर के मुताबिक पत्नी अपने पति के रोज के झगड़ों से बुरी तरह तंग आ चुकी थी, महिला का शराबी पति उसे हर रोज प्रताड़ित करता था।

एक दिन पत्नी ने तंग आकर एक मोटे लकड़ी के डंडे से पति के सिर पर जोरदार वार किया। इससे महिला के पति की मौके पर मौत हो गई। इस घटना की जानकारी मिलने के बाद बगडू थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई के लिए अस्पताल भेज दिया। आरोपी महिला की पहचान मृतक की पत्नी 50 वर्षीय सुखमनी उरांव के रूप में हुई है।


महिला का पति अक्सर शराब के नशे में उसके साथ मारपीट करता था। शुक्रवार रात घर लौटे बंधन उरांव ने शराब पीकर पत्नी सुखमनी उरांव के साथ फिर से मारपीट की। इसके बाद सुखमनी उरांव ने घर के अंदर रखे लकड़ी से बंधन उरांव के सिर पर वार कर दिया जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

मृतक की बहू सोनम ने घटना के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि बाजार से लौटने के बाद उसके ससुर उसकी सास के साथ मारपीट कर रहे थे। शोर सुनकर वो बीच-बचाव करने पहुंची लेकिन उसके ससुर ने वहां से उसे भगा दिया। इसके कुछ देर बाद वो फिर वो बाहर आई। थोड़ी देर बाद अंदर जाकर देखा तो उसके ससुर जमीन पर गिरे हुए थे और सिर से खून निकल रहा था।

फिर मृतक की बहु ने इसकी जानकारी गांव के मुखिया को दी फिर उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी। मृतक के तीन बेटे हैं लेकिन घटना के वक्त वे घर पर मौजूद नहीं थे।  उधर, घटना की सूचना के बाद शनिवार सुबह घटनास्थल पर पहुंचे बगडू थाना प्रभारी सुखराम उरांव ने मृतक की बहु के बयान पर मामला दर्ज कर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया।


 

 

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)