VIDEO | क्या 2019 लोकसभा चुनाव मोदी बनाम महागठबंधन होगा?

  • Follow Newsd Hindi On  
क्या 2019 लोकसभा चुनाव मोदी बनाम महागठबंधन होगा?

आगामी लोकसभा चुनावों में कुछ ही दिन का समय बचा है। ऐसे में सत्ता के गलियारों में राजनीति गरम हैं। मज़बूत सरकार बनाम मज़बूर सरकार, भाजपा बनाम विपक्ष गठबंधन, नरेंद्र मोदी बनाम राहुल गाँधी, ये नारे आम हैं। बीजेपी के नेता लोगों को ये बताने की कोशिश कर रहे हैं कि अगर एक बार फिर मोदी सरकार सत्ता में फिर से नहीं आयी, तो देश में अराजकता फैल जाएगी या देश अस्थिरता हो जाएगा। विपक्ष के गठबंधन को डरबंधन, महामिलावट बंधन बताया जा रहा है।

राज्यों में क्या है बीजेपी बनाम विपक्ष की स्थिति


उत्तर प्रदेश

उत्तर प्रदेश में कुल 80 लोकसभा सीटें हैं। 2014 में बीजेपी ने यहां सभी विपक्षी दलों का सूपड़ा साफ कर 71 सीटें जीती थी। लेकिन 2019 में इसे सपा- बसपा गठबंधन से कड़ी टक्कर मिलने की पूरी उम्मीद है। तो वहीं कांग्रेस ने प्रियंका गांधी को चुनावी मैदान में उतार मनोवैज्ञानिक बढ़त तो हासिल कर ही ली है।

बिहार

बिहार में 40 लोकसभा सीटें हैं। यहां की राजनीति बेहद दिलचस्प है। एक ओर जहां 2009 लोकसभा चुनावों में बीजेपी और नीतीश एक साथ मिलकर लड़े थे तो वहीं 2014 में दोनों ने अपनी राहें अलग कर ली थी। अब 2019 लोकसभा चुनावों में दोनों पार्टीयां एक बार फिर साथ मिलकर चुनाव लड़ती नज़र आएंगी। BJP-17, JDU-17 और सहयोगी रामविलास पासवान की पार्टी लोजपा 6 सीटों पर चुनाव में उतरेगी। यहां कांग्रेस राष्ट्रीय जनता दल और RLSP के साथ मैदान में उतरेगी। यहां सीधे तौर पर मामला गठबंधन बनाम गठबंधन का है।

महाराष्ट्र

महाराष्ट्र में कुल 48 लोकसभा सीटें हैं। यहां राज्य में बीजेपी की सरकार है। लोकसभा चुनावों में बीजेपी अपने पुराने सहयोगी शिवसेना के साथ मिलकर लड़ेगी। तो वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस का गठबंधन होगा। तो यहां भी मामला गठबंधन बनाम गठबंधन का है।


पश्चिम बंगाल

पश्चिम बंगाल में 42 लोकसभा सीटें हैं। यहां राज्य की तृणमूल सरकार ने सत्ता में एड़िया गढ़ा रखी हैं तो वहीं BJP यहां एड़ी चोटी का जोर लगा रही है। यहां हुई महागंठबंधन रैली से साफ से है कि यहां मामला भाजपा बनाम विपक्ष का होगा।

तमिलनाडु

तमिलनाडु की 39 लोकसभा सीटें हैं। भाजपा यहां AIADMK  के साथ मैदान में उतरेगी तो वहीं कांग्रेस DMK  के साथ गठबंधन कर चुनाव लड़ेगी। तो यहां भी मामला गठबंधन बनाम गठबंधन का है।

अन्य राज्यों में क्या है स्थिति

पंजाब में बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल का गठबंधन है तो वहीं कांग्रेस और ‘आप’ अकेले चुनाव लड़ सकतें हैं।

केरल में 20 लोकसा सीटें हैं। यहाँ मुख्य टक्कर LDF और UDF में है। यहां BJP  अपनी ज़मीन तलाश रही है।

नार्थ ईस्ट की 25 सीटों की बात करें तो यहाँ मुकाबला सभी पार्टियों के बीच है।

कुछ राज्य ऐसे भी हैं, जहाँ मुकाबला सीधे तौर पर कांग्रेस बनाम बीजेपी है। इसमें मध्य प्रदेश की 29 सीटें, राजस्थान की 25 सीटें, उत्तराखंड की 5 और हिमाचल की 4 सीटें शामिल हैं।

2019 लोकसभा का चुनाव कौन जीतेगा, कौन सी पार्टी सत्ता में आयेगी ये तो वक्त ही बताएगा लेकिन इतना तो साफ है कि सबकी किस्मत का फैसला जनता ही करेगी।


 

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)