World Tourism Day: 27 सितंबर को क्यों मनाया जाता है विश्व पर्यटन दिवस, भारत के लिए क्यों है खास

  • Follow Newsd Hindi On  

वर्ल्ड टूरिज्म डे (World Tourism Day) यानि विश्व पर्यटन दिवस हर साल 27 सितंबर (27 September) को मनाया जाता है। इसकी शुरुआत यूनाइटेड नेशंस ने की थी। यूएन के महासचिव हर साल जनता को वर्ल्ड टूरिज्म डे पर खास संदेश भेजते हैं। इस दिन दुनियाभर में टूरिज्‍म से जुड़े कई कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। इस बार विश्व पर्यटन दिवस की थीम “टूरिज्म एंड जॉब: अ बेटर फ्यूचर फॉर ऑल” (Tourism and Jobs: A Better Future For All) है। खास बात ये है कि इस साल वर्ल्ड टूरिज्म डे 2019 (World Tourism Day 2019) की मेजबानी भारत करने जा रहा है।

विश्व पर्यटन दिवस को मनाने का उद्देश्य दुनिया भर में पर्यटन की भूमिका के बारे में जागरूकता बढ़ाना और सामाजिक, सांस्कृतिक, राजनीतिक और आर्थिक मूल्यों को बढ़ावा देना है। पर्यटन विकासशील देशों के लिए आय का मुख्य स्रोत भी है। यह दिवस दुनिया भर के लोगों में आपसी समझ बढ़ाने में सहायता कर सकता है।


क्यों मनाया जाता है विश्व पर्यटन दिवस/वर्ल्ड टूरिज्म डे ?

पर्यटन किसी भी देश के सामाजिक, सांस्कृतिक, राजनैतिक और आर्थिक विकास के लिए महत्वपूर्ण होता है। पर्यटन का महत्व और लोकप्रियता को देखते हुए विश्व पर्यटन दिवस मनाने की शुरुआत की गई। संयुक्त राष्ट्र संघ ने 1980 से 27 सितंबर को विश्व पर्यटन दिवस के तौर पर मनाने का फैसला लिया।

विश्व पर्यटन दिवस के लिए 27 सितंबर का दिन इसलिए चुना गया क्योंकि इसी दिन 1970 में विश्व पर्यटन संगठन का संविधान स्वीकार किया गया था। संयुक्त राष्ट्र (यूएन) का विश्व पर्यटन संगठन हर साल विश्व पर्यटन दिवस की अलग-अलग थीम रखता है।

विश्व पर्यटन दिवस 2019 भारत के लिए क्यों हैं खास?

भारत अपने ऐतिहासिक और प्राकृतिक खूबसूरती के लिए पूरी दुनिया में मशहूर है। भारत विश्व के पांच टॉप पर्यटक स्थलों में से एक है। खुशी की बात ये है कि भारत पहली बार विश्व पर्यटन दिवस की मेजबानी कर रहा है। भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, साल 2017 में 1.65 अरब घरेलू पर्यटकों ने सैर की।


भारत में पर्यटन के क्षेत्र में लगातार वृद्धि देखी जा रही है। मंत्रालय ने बताया कि विदेशी पर्यटकों की संख्या में भी बढ़ोतरी हुई है। साल 2018 में एक करोड़ पांच लाख सैलानी भारत आए थे। विदेश से आने वाले पर्यटक सबसे ज्यादा दिल्‍ली, मुंबई, चेन्‍नई, आगरा और जयपुर घूमना पसंद करते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में भी टूरिज्म की वजह से रोजगार के कई अवसर पैदा हो रहे हैं। साल 2018 में टूरिज्‍म सेक्‍टर का देश की GDP में योगदान 9.2 फीसदी था।

वर्ल्‍ड टूरिज्‍म की बात करें तो सबसे ज्‍यादा टूरिस्‍ट्स फ्रांस की यात्रा करते हैं। इसके बाद स्‍पेन, अमेरिका और चीन का नंबर आता है। चीन, रूस और ब्राजील जैसे उभरते बाजार अब टूरिज्‍म पर खुलकर खर्च कर रहे हैं। कई देशों में टूरिज्‍म में एनुअल ग्रोथ का रेट 8% से ज्‍यादा है।


World Ozone Day 2019: 1995 से हर साल मनाया जाता है ओजोन डे, जानें इस दिन का महत्व

World Alzheimer’s Day: अल्जाइमर पीड़ितों के प्रति एकजुटता दिखाने के लिए मनाया जाता है ‘विश्व अल्जाइमर दिवस’

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)