ये चुनाव परिणाम हरियाणा, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्रियों की सेवा का परिणाम : मोदी (लीड-1)

  • Follow Newsd Hindi On  

नई दिल्ली, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)| हरियाणा और महाराष्ट्र के विधानसभा चुनावों के नतीजे गुरुवार को आने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा मुख्यालय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया, और उन्होंने चुनाव परिणामों पर खुशी जताते हुए कहा कि दोनों राज्यों में फिर से बनने जा रही भाजपा की सरकारें पिछली बार से भी ज्यादा काम करेंगी। मोदी ने मनोहर लाल खट्टर और देवेंद्र फडणवीस की तारीफ करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में आने वाले पांच साल विकास के होंगे। प्रधानमंत्री ने पूरे भाषण में संकेत दे गए कि भाजपा दोनों मुख्यमंत्रियों के नेतृत्व में ही सरकार बनाएगी।

दरअसल हरियाणा में खट्टर के नेतृत्व में भाजपा के इस बार बहुमत से चूक जाने के कारण विकल्प के तौर पर किसी नए चेहरे को लेकर भी अटकलें लगने लगी थीं।


प्रधानमंत्री मोदी ने भाषण के दौरान हरियाणा और महाराष्ट्र के चुनावी नतीजों का अलग-अलग विश्लेषण किया। उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री के रूप में देवेंद्र और मनोहर लाल का पहला अनुभव था। इससे पहले किसी भी सरकार में वे मंत्री भी नहीं थे। महाराष्ट्र में पिछली बार बहुमत नहीं मिला था, हरियाणा में बहुमत से सिर्फ दो सीटें ज्यादा मिली थीं। मगर महाराष्ट्र और हरियाणा के दोनों मुख्यमंत्रियों ने जो सेवा किया, उसका परिणाम है कि आज जनता ने दोबारा विश्वास जताया है। उनके नेतृत्व में आने वाले पांच साल विकास के होंगे।”

मोदी ने कहा, “हरियाणा में दोबारा सबसे बड़े दल के रूप में आना बड़ी बात है। पांच साल में थोड़ा एंटी स्टेब्लिशमेंट होता है, फिर भी पिछली बार की तुलना में इस बार तीन प्रतिशत अधिक वोट जोड़ना बड़ी बात है।”

मोदी ने महाराष्ट्र के चुनाव नतीजों का भी विश्लेषण किया। उन्होंने कहा, “महाराष्ट्र में भाजपा हमेशा जूनियर पार्टनर रहती थी। पचास वर्ष में कोई भी मुख्यमंत्री पांच साल लगातार महाराष्ट्र की सेवा नहीं कर सका था, मगर देवेंद्र फडणवीस ने पांच साल कार्यकाल पूरा किया। पहले भाजपा-शिवसेना आमने-सामने होती थीं, मगर जब जनता ने तय कर लिया कि आप दोनों अलग नहीं चल सकते तो फिर साथ चुनाव लड़ा।”


प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “जब देश में ट्रेंड राज्यों में सरकारें बदलने का रहा हो, तब सरकार की वापसी जनता का भाजपा में विश्वास प्रकट करता है। हमारी टीम नई थी, अनुभव बहुत सामान्य था, फिर भी बिना डिगे आपकी सेवा की है। विश्वास दिलाता हूं कि पिछले पांच साल से भी ज्यादा मेहनत करेंगे। विश्वास पर खरा उतरने के लिए भरसक कोशिश करेंगे। केंद्र सरकार में होने के कारण अनुभव किया है कि भाजपा की राज्यों की सरकारें अधिक उत्साह से काम करती हैं। अन्य राज्यों की सरकारें एक-दो साल तो योजनाओं के नाम बदलने में खराब कर देती हैं।”

 

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)