यूपी : उपचुनाव में भाजपा 6 सीटों पर व सपा 1 पर आगे (लीड-3)

  • Follow Newsd Hindi On  

लखनऊ, 10 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में विधानसभा की सात सीटों पर हुए उपचुनाव के वोटों की गिनती जारी है। छह सीटें- देवरिया की सदर, टूंडला और उन्नाव की बांगरमऊ, बुलंदशहर, घाटमपुर व नौगावां सादात सीट पर भाजपा आगे चल रही है। वहीं जौनपुर की मल्हनी विधानसभा सीट पर रुक-रुक कर परिणाम बदल रहा है। यहां आगे चल रहे निर्दलीय प्रत्याशी अब पीछे हो गए हैं। सपा प्रत्याशी ने बढ़त बना ली है।

बुलंदशहर में 18वें चरण में भी भाजपा प्रत्याशी को बढ़त बरकरार है। घाटमपुर विधानसभा सीट पर 22वें राउंड में भी भाजपा प्रत्याशी की बढ़त बरकरार है।


देवरिया की सदर विधानसभा सीट पर उपचुनाव की मतगणना में 18वें चरण में भी भाजपा ने बढ़त बना रखी है। 18वें चक्र तक की मतगणना में भाजपा प्रत्याशी डॉक्टर सत्यप्रकाश मणि त्रिपाठी कुल 8629 मतों से अपने प्रतिद्वंद्वी समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी ब्रह्मा शंकर त्रिपाठी से आगे चल रहे हैं।

टूंडला उपचुनाव की मतगणना में 28वें चरण में भी भाजपा ने बढ़त बनाकर रखी है।

अमरोहा की नौगावां सादात सीट के 12वें चक्र की मतगणना के बाद पासा पलट गया। पहले चक्र से आगे चल रहे समाजवादी पार्टी के जावेद आब्दी को भाजपा की संगीता चौहान ने पीछे छोड़ दिया है। संगीता चौहान ने 11वें राउंड में जावेद आब्दी पीछे छोड़ दिया। संगीता ने 949 पर वोटों से बढ़त ले ली है।


देवरिया में एक ही नंबर की दो ईवीएम मिलने पर हंगामा होने लगा है। यहां पर टेबल नंबर दो पर एक ही नंबर की दो ईवीएम मिलने के बाद हंगामा हो रहा है। इसके पहले दो ईवीएम का लाक नहीं खुला था। उसे किनारे रखवा दिया गया है।

उन्नाव की बांगरमऊ विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी आगे चल रहे हैं।

सभी दल अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं। इन सात में से छह सीटें भारतीय जनता पार्टी के पास थीं, जबकि जौनपुर की मल्हनी से सपा के कद्दावर नेता रहे पारसनाथ यादव जीते थे।

–आईएएनएस

वीकेटी/एसजीके

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)