यूरोपीय सांसदों के कश्मीर दौरे को लेकर प्रियंका ने किया सरकार पर वार

  • Follow Newsd Hindi On  

 नई दिल्ली, 29 अक्टूबर (आईएएनएस)| जम्मू-कश्मीर में यूरोपीय संघ (ईयू) के संसदीय प्रतिनिधिमंडल के दौरे के बीच कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने केंद्र सरकार की आलोचना की है।

 प्रियंका ने मंगलवार को ट्वीट किया, “कश्मीर में यूरोप के सांसदों को सैर-सपाटा और हस्तक्षेप की इजाजत। लेकिन भारतीय सांसदों और नेताओं को पहुंचते ही हवाईअड्डे से वापस भेज दिया गया! बड़ा अनोखा राष्ट्रवाद है यह।”


विदेश सांसदों के दौरे पर राहुल गांधी द्वारा सवाल उठाए जाने के अगले दिन प्रियंका गांधी का ट्वीट सामने आया है।

राहुल ने सोमवार को ट्वीट किया था, “जम्मू एवं कश्मीर के दौरे पर जाने के लिए यूरोप के सांसदों का स्वागत है, जबकि भारतीय सांसदों के प्रवेश पर प्रतिबंध है और उन्हें प्रवेश से वंचित रखा गया है। इसमें बहुत कुछ गलत है।”

कांग्रेस यूरोपीय संघ के प्रतिनिधिमंडल के घाटी दौरे को एक बड़ा मुद्दा बनाना चाहती है। पार्टी विदेशी प्रतिनिधिमंडल की यात्रा पर सवाल उठाते हुए कह रही है कि जब कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है तो यूरोपीय संघ के प्रतिनिधिमंडल को वहां जाने की अनुमति क्यों दी गई है और भारतीय नेताओं को वहां जाने से क्यों रोका जा रहा है।


पार्टी के एक नेता ने कहा कि प्रियंका गांधी ने हिंदी में ट्वीट कर हिंदीभाषी लोगों को एक निश्चित राजनीतिक संदेश दिया है।

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)