यूथ ओलम्पिक (हॉकी) : फाइनल में पहुंची भारतीय महिला टीम

  • Follow Newsd Hindi On  

ब्यूनस आयर्स, 14 अक्टूबर (आईएएनएस)| भारतीय महिला हॉकी टीम ने अपने अच्छे प्रदर्शन को जारी रखते हुए यहां जारी यूथ ओलम्पिक खेलों के फाइनल में प्रवेश कर लिया है। शनिवार देर रात हुए सेमीफाइनल मैच में भारतीय महिला टीम ने चीन को 3-0 से हराकर खिताबी मुकाबले में कदम रखा।

भारत के लिए यूथ ओलम्पिक खेलों में अहम भूमिका निभाने वाली मुमताज खान ने इस मैच में टीम का खाता खोला। उन्होंने पहले ही मिनट में गोल करते हुए टीम को 1-0 की बढ़त दी।


इसके बाद, रीत ने पांचवें मिनट में गोल करते हुए भारतीय टीम को 2-0 से आगे कर दिया। चीन की ओर से गोल की सभी कोशिशों को नाकाम करते हुए टीम ने 13वें मिनट में लालरेमसियामी की ओर से किए गए गोल के दम पर अपना स्कोर 3-0 कर दिया।

अपने डिफेंस को मजबूत रखते हुए चीन को गोल करने का एक भी मौैका न देकर भारतीय टीम ने अंत में 3-0 से जीत हासिल की।

फाइनल में भारतीय टीम का सामना अर्जेटीना और दक्षिण अफ्रीका के बीच के सेमीफाइनल मैच की विजेता टीम से होगा।


 

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)