युवक कांग्रेस ने एसपीजी सुरक्षा हटाए जाने को लेकर किया प्रदर्शन (लीड-1)

  • Follow Newsd Hindi On  

नई दिल्ली, 20 नवंबर (आईएएनएस)| गांधी परिवार की एसपीजी (स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप) सुरक्षा बहाल करने की मांग को लेकर युवक कांग्रेस के हजारों कार्यकर्ताओं के यहां विरोध प्रदर्शन किया। इस विरोध प्रदर्शन के कारण संसद के ठीक बगल में स्थित शास्त्री भवन के पास अफरा-तफरी की स्थिति पैदा हो गई। सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन की अगुवाई भारतीय युवा कांग्रेस (आईवाईसी) के प्रमुख बी. वी. श्रीनिवास ने की।

युवा कांग्रेस ने भाजपा सरकार के ‘शर्मनाक कृत्य’ के खिलाफ संसद के घेराव की योजना बनाई थी। हालांकि, उन्हें संसद की तरफ जाने की कोशिश के दौरान रायसीना रोड पर रोक दिया गया।


भाजपा सरकार ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी व प्रियंका गांधी वाड्रा की सुरक्षा से एसपीजी को हटाने का फैसला किया है।

पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पर्याप्त इंतजाम किए थे और बैरिकेड लगाए थे।

प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के पुतले भी जलाए।


कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया। दिल्ली पुलिस ने शास्त्री भवन व कृषि भवन के द्वार बंद करा दिए, जिसमें कई मंत्रालयों के कार्यालय हैं। केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन गेट भी बंद थे।

युवक कांग्रेस के सदस्य नारे लगा रहे थे कि अगर कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी व प्रियंका गांधी वाड्रा को कुछ भी होता है तो मोदी व अमित शाह इसके लिए जिम्मेदार होंगे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस थाने भेजा गया, जहां उन्हें हिरासत में लिया गया।

 

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)