युवक कांग्रेस ने प्रज्ञा के खिलाफ प्रदर्शन किया

  • Follow Newsd Hindi On  

नई दिल्ली, 29 नवंबर (आईएएनएस)| युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को महात्मा गांधी जैसे परिधान पहनकर भाजपा सांसद प्रज्ञा ठाकुर के खिलाफ यहां प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे के बारे में प्रज्ञा द्वारा की गई टिप्पणी के लिए विरोध प्रदर्शन करते हुए उन्हें संसद से निष्कासित करने की मांग की। कांग्रेस ने इस मुद्दे पर अपना पक्ष रखा और भाजपा पर निशाना साधा। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी ट्वीट किया है और उक्त टिप्पणी के लिए प्रज्ञा ठाकुर की आलोचना की।

इससे पहले प्रज्ञा ठाकुर ने शुक्रवार को लोकसभा में अपनी टिप्पणी के लिए माफी मांगते हुए कहा कि उनके बयान को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को उन्हें आतंकवादी करार देने पर आलोचना भी की। प्रज्ञा ने कहा कि उन्हें किसी भी मामले में दोषी नहीं ठहराया गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता द्वारा एक महिला व सांसद को आतंकवादी कहा गया।


उनकी टिप्पणी के एक दिन बाद राहुल गांधी ने ट्वीट किया था, “आतंकवादी प्रज्ञा आतंकवादी गोडसे को देशभक्त कहती हैं। भारतीय संसद के इतिहास में एक दुखद दिन।”

इससे पहले गुरुवार को भाजपा ने भोपाल की विवादास्पद सांसद प्रज्ञा को दंड देते हुए उन्हें संसद के चल रहे शीतकालीन सत्र के दौरान किसी भी पार्टी की संसदीय दल की बैठक में शामिल होने से रोक दिया। इसके साथ ही उन्हें रक्षामंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता वाली रक्षा मंत्रालय की परामर्श समिति से भी हटा दिया गया।

 


(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)