आईएसएल-5 : बेंगलुरू की तीसरी हार, दिल्ली की घर में दूसरी जीत

Follow न्यूज्ड On  

 नई दिल्ली, 17 फरवरी (आईएएनएस)| हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के पांचवें सीजन में दिल्ली डायनामोज ने जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में रविवार को बेंगलुरू एफसी को 3-2 से हरा दिया।

  बेंगलुरु की टीम पहले ही प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई कर चुकी है।

प्लेऑफ की दौड़ से बाहर होने के बाद सम्मान के लिए खेल रही दिल्ली की टीम ने डेनियल लालिमपुइया के दो गोलों की मदद से बेंगलुरू को 3-2 से हराया और अपने घर में इस सीजन की दूसरी और कुल तीसरी जीत दर्ज की।

इस जीत से दिल्ली के 16 मैचों से 15 अंक हो गए हैं और वह एक स्थान ऊपर उठते हुए 10 टीमों की अंक तालिका में आठवें स्थान पर पहुंच गई है। बेंगलुरू की टीम 16 मैचों से 31 अंक लेकर अभी पहले स्थान पर है।

पहला हाफ 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुआ। दिल्ली को कुछ खोने का डर नहीं था लेकिन अंक तालिका में सम्मानजनक स्थिति के साथ सीजन का समापन करने को आतुर इस टीम ने तीसरे मिनट में बेंगलुरू के खतरनाक हमले से उबरते हुए नौवें मिनट में गोल कर बढ़त हासिल कर ली।

दिल्ली के लिए यह गोल उलीस डेविला ने किया। राइट फ्लैंक से नंदकुमार सेकर के लो क्रास को गुरप्रीत सिंह संधू ने रोक दिया लेकिन गेंद इसके बाद डेविला के पास पहुंचे और उन्होंने बिना गलती किए गेंद को पोस्ट में डाल दिया।

12वें मिनट में बेंगलुरू के जिस्को हर्नादेज को पीला कार्ड मिला। 17वें मिनट में डेविला ने एक बार फिर बेंगलुरू के लिए खतरा उत्पन्न किया लेकिन इस बार अल्बर्ट सेरान ने बीच में आकर उसे टाल दिया।

इसके दो मिनट बाद हालांकि बेंगलुरू ने एक अच्छा हमला किया और गोल करते हुए स्कोर 1-1 कर दिया। यह गोल बोइथांग होआकिप ने किया। यह गोल जिस्को के थ्रू बॉल पर हुआ। दिल्ली के गोलकीपर फ्रांसिस्को डोरोनसोरो ने गेंद को पंच करने की कोशिश की लेकिन वह नाकाम हो गए और गेंद होआकिप के पास गिरी। होआकिप ने बिना देरी किए गेंद को पोस्ट में डाल दिया।

बेंगलुरू ने 31वें मिनट में दूसरा गोल कर ही दिया था लेकिन मीकू किस्मतवाले नहीं रहे। जिस्को ने बेंगलुरू के लिए यह अच्छा मूव बनाया था। 41वें मिनट में दिल्ली के मार्टी क्रिस्पी को पीला कार्ड मिला।

दिल्ली ने दूसरे हाफ की शुरुआत में ही बदलाव किया। 50वें मिनट में बेंगलुरू के हर्मनजोत खाबरा को पीला कार्ड मिला। 59वें मिनट में होआकिप बाहर गए और उनकी जगह सुनील छेत्री ने ली।

छेत्री के आते ही बेंगलुरू की टीम उमंग से भर गई। उसने कई प्रयास किए । इस क्रम में छेत्री ने 72वें मिनट में जिस्को की मदद से गोल करते हुए बेंगलुरू को 2-1 से आगे कर दिया। छेत्री ने जिस्को के परफेक्ट लांग थ्रू पास पर गोल किया।

बेंगलुरू की टीम हालांकि इस बढ़त को अधिक देर तक इंजॉय नहीं कर सकी क्योंकि 77वें मिनट में गोल करते हुए लालिमपुइया ने स्कोर 2-2 कर दिया। इस गोल में नारायण दास ने उनकी मदद की।

बेंगलुरू की टीम कुछ कर पाती इससे पहले ही लालिमपुइया ने संधू को एंगुलकर शॉट पर छकाते हुए 80वें मिनट में एक और गोल कर दिल्ली को 3-2 की बढ़त दिला दी। इसके बाद दिल्ली के डिफेंडरों ने इस बढ़त को कायम रखा।

Share

Recent Posts

जीआईटीएम गुरुग्राम ने उत्तर भारत में शीर्ष प्लेसमेंट अवार्ड अपने नाम किया

नवीन शिक्षण पद्धतियों, अत्याधुनिक उद्यम व कौशल पाठ्यक्रम के माध्यम से, संस्थान ने अनगिनत छात्रों…

March 19, 2024

बिहार के नींव डालने वाले महापुरुषों के विचारों पर चल कर पुनर्स्थापित होगा मगध साम्राज्य।

इतिहासकार प्रोफ़ेसर इम्तियाज़ अहमद ने बिहार के इतिहास पर रौशनी डालते हुए बताया कि बिहार…

March 12, 2024

BPSC : शिक्षक भर्ती का आवेदन अब 19 तक, बिहार लोक सेवा आयोग ने 22 तक का दिया विकल्प

अब आवेदन की तारीख 15 जुलाई से 19 जुलाई तक बढ़ा दी गई है।

July 17, 2023

जियो ने दिल्ली के बाद नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में ट्रू5जी सर्विस शुरु की

पूरे दिल्ली-NCR में सर्विस शुरु करने वाला पहला ऑपरेटर बना

November 18, 2022

KBC 14: भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान कौन थे, जिन्होंने इंग्लैंड में भारत को अंतिम बार एक टेस्ट सीरीज जिताया था?

राहुल द्रविड़ की अगुवाई में टीम इंडिया ने 1-0 से 2007 में सीरीज़ अपने नाम…

September 23, 2022