आईएसएल-6 : मुंबई सिटी एफसी ने मेजबान चेन्नइयन को बराबरी पर रोका

Follow न्यूज्ड On  

चेन्नई, 28 अक्टूबर (आईएएनएस)| दो बार के चैम्पियन चेन्नइयन एफसी और मुम्बई सिटी एफसी के बीच रविवार को दिवाली के पटाखों के धमाकों के बीच यहां के जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में खेला गया हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के छठे सीजन का मुकाबला गोलरहित बराबरी पर समाप्त हुआ। इस मैच से दोनों टीमों को एक-एक अंक मिला। चेन्नई को अपने पहले मैच में एफसी गोवा के हाथों 0-3 से हार मिली थी जबकि मुंबई ने अपने पहले मैच में केरला ब्लास्टर्स को 1-0 से हराया था। अब मुंबई के खाते में चार और चेन्नई के खाते में 1 अंक है। इन दोनों टीमों के बीच आईएसएल का यह 11वां मैच था। चेन्नई ने पांच बार जीत हासिल की है जबकि चार बार मुंबई जीता है। दो मुकाबले बराबरी पर छूटे हैं।

दो स्तरीय टीमों के बीच खेला गया यह मैच एक्शन पैक्ड रहा। यह अलग बात है कि इस मैच में कोई गोल नहीं हुआ। इस मैच को गंवाए गए मौकों का हाफ कहा जाए तो गलत नहीं होगा। मेजबान टीम ने शुरुआती मौके बनाए लेकिन वह टारगेट को भेद नहीं सकी। इसके बाद मुंबई और भी बेहतर मौके बनाए लेकिन किस्मत उससे भी रूठी रही।

पहला मौका मुंबई पर चेन्नई ने पहले ही मिनट में बनाया लेकिन आंद्रे शेम्बरी गोलकीपर अमरिंदर से वन-टू-वन की स्थिति में भी टारगेट पर निशाना नहीं लगा सके। इसी तरह का एक मौका 11वें मिनट में भी बना लेकिन इस बार रफाएल क्रिवेलारो गोल करने से चूक गए।

13वें मिनट में चेन्नई ने एक और मौका बनाया लेकिन लालियानजुआला चांग्ते के प्रयास को अमरिंदर ने भांप लिया। गेंद उनके पैरों से टकराकर क्रिवेलारो के पास गई लेकिन वह गेंद को बाहर मार बैठे।

20वें मिनट में मुंबई के स्टार मोदू सोगू को चोट लगी और वह 24वें मिनट में बाहर जाने को मजबूर हुए। मुंबई ने इसी मिनट में एक बड़ा मौका बनाया लेकिन अमीन चेरमीती गोलकीपर विशाल कैथ के साथ वन-टू-वन की स्थिति में भी गोल नहीं कर सके।

29वें मिनट में मुंबई के रेनियर फर्नांडिस और 33वें मिनट में मुंबई के ही रोवलिन बोर्गेस को पीला कार्ड मिला। 42वें मिनट में चांग्ते ने बाइलाइन के पास से एक करार शाट लिया, जिसे अमरिंदर ने बड़ी फुर्ती के साथ रोक लिया।

47वें मिनट में चेन्नई ने एक मौका बनाया लेकिन वह नाकाम रहा। 48वें मिनट में मुंबई के शौवीक चक्रवर्ती को पीला कार्ड मिला। अमरिंदर ने 54वें मिनट में मुंबई के एली साबिया के एक अच्छा प्रयास को नाकाम कर दिया। 56वें मिनट में मुंबई को मोहम्मद लार्बी को पीला कार्ड मिला।

62वें मिनट में रेनियर बाहर गए और पाउलो मचादो अंदर लिए गए। माचादो ने मैदान पर आते ही अपना असर दिखाना शुरू किया और इसी क्रम में 67वें मिनट में माचादो ने काउंटर अटैक पर सर्गे केविन के लिए एक बेहतरीन मूव बनाया लेकिन कैथ ने केविन के करारे शाट को रोक लिया। गेंद रीबाउंड होकर आई जिसे लूसियान गोइयान ने चालाकी से क्लीयर कर दिया।

71वें मिनट में चेन्नई के रफाएल क्रीवेलारो चोट के कारण मैदान से बाहर जाने को मजबूर हुए। मासीह सेगानी ने उनकी जगह ली। 82वें मिनट में चांग्ते ने काउंटर अटैक पर शानदार मूव बनाया और बाक्स के अंदर पहुंचकर एक क्रास शाट लिया लेकिन शौवीक ने उसे ब्लाक कर दिया।

इसके बाद चेन्नई ने 85वें मिनट में भी इसी तरह का एक मौका बनाया। इस बार इस हमले के केंद्र में स्थानापन्न थोई सिंह थे लेकिन बाकी हमलों की तरह यह हमला भी दम तोड़ गया।

इंजुरी टाइम में मुंबई के शौवीक को थोई सिंह के खिलाफ गलत टैकल करने के लिए पीला कार्ड दिखाया गया। यह लाल कार्ड में परिवर्तित हुआ और मुंबई अंतिम एक मिनट 10 खिलाड़ियों के साथ खेलने को मजबूर हुई। चेन्नई को हालांकि इसका कोई फायदा नहीं मिल सका।

 

Share

Recent Posts

जीआईटीएम गुरुग्राम ने उत्तर भारत में शीर्ष प्लेसमेंट अवार्ड अपने नाम किया

नवीन शिक्षण पद्धतियों, अत्याधुनिक उद्यम व कौशल पाठ्यक्रम के माध्यम से, संस्थान ने अनगिनत छात्रों…

March 19, 2024

बिहार के नींव डालने वाले महापुरुषों के विचारों पर चल कर पुनर्स्थापित होगा मगध साम्राज्य।

इतिहासकार प्रोफ़ेसर इम्तियाज़ अहमद ने बिहार के इतिहास पर रौशनी डालते हुए बताया कि बिहार…

March 12, 2024

BPSC : शिक्षक भर्ती का आवेदन अब 19 तक, बिहार लोक सेवा आयोग ने 22 तक का दिया विकल्प

अब आवेदन की तारीख 15 जुलाई से 19 जुलाई तक बढ़ा दी गई है।

July 17, 2023

जियो ने दिल्ली के बाद नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में ट्रू5जी सर्विस शुरु की

पूरे दिल्ली-NCR में सर्विस शुरु करने वाला पहला ऑपरेटर बना

November 18, 2022

KBC 14: भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान कौन थे, जिन्होंने इंग्लैंड में भारत को अंतिम बार एक टेस्ट सीरीज जिताया था?

राहुल द्रविड़ की अगुवाई में टीम इंडिया ने 1-0 से 2007 में सीरीज़ अपने नाम…

September 23, 2022