भाजपा हरियाणा में फिर बनाएगी सरकार : खट्टर

Follow न्यूज्ड On  

चंडीगढ़, 21 सितम्बर (आईएएनएस)| हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने शनिवार को उम्मीद जताई कि भाजपा फिर से राज्य में अगली सरकार बनाएगी। चुनाव आयोग द्वारा राज्य की 90 सीटों पर 21 अक्टूबर को विधानसभा चुनाव की घोषणा करने के कुछ घंटों बाद खट्टर ने ट्वीट किया, “लोकतंत्र के इस महापर्व के लिए हमारी पार्टी पूरी तरह तैयार है।”

उन्होंने कहा, “हमारी सरकार ने प्रदेश के विकास और प्रदेशवासियों के हित में निष्पक्ष भाव से कार्य किए हैं। हमें पूरा विश्वास है कि इस बार भाजपा परिवार के सदस्य जीत के पटाखों के साथ दिवाली मनाएंगे।”

इससे पहले यहां मीडिया को संबोधित करते हुए खट्टर ने सरकार बनाने का विश्वास व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष विभाजित है और उनकी पार्टी कुल 90 में से 75 सीटों पर जीत हासिल करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नामांकन प्रक्रिया शुरू होने से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अपने चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों के नामों को अंतिम रूप दे देगी।

खट्टर ने दोहराया कि हरियाणा राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) को लागू करेगा, क्योंकि यह राष्ट्रहित में है।

नई दिल्ली में चुनाव की घोषणा के बाद कांग्रेस नेता कुलदीप बिश्नोई के चचेरे भाई दुरा राम यहां खट्टर की उपस्थिति में भाजपा में शामिल हो गए।

दुरा राम 2005 से 2009 तक फतेहाबाद से विधायक थे और पिछली भूपेंद्र सिंह हुड्डा सरकार में संसदीय सचिव रहे।

इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के वरिष्ठ नेता रामपाल माजरा भी भाजपा में शामिल हो गए हैं।

भाजपा ने 2014 के विधानसभा चुनाव में 47 सीटों पर जीत दर्ज करते हुए पहली बार प्रदेश में अपने बलबूते सरकार बनाई थी। पार्टी ने 2009 में मिली चार सीटों के बाद अप्रत्याशित जीत दर्ज की थी। पिछले विधानसभा चुनाव में इनेलो को 19 और कांग्रेस को 15 सीटों पर संतोष करना पड़ा था।

 

Share

Recent Posts

जीआईटीएम गुरुग्राम ने उत्तर भारत में शीर्ष प्लेसमेंट अवार्ड अपने नाम किया

नवीन शिक्षण पद्धतियों, अत्याधुनिक उद्यम व कौशल पाठ्यक्रम के माध्यम से, संस्थान ने अनगिनत छात्रों…

March 19, 2024

बिहार के नींव डालने वाले महापुरुषों के विचारों पर चल कर पुनर्स्थापित होगा मगध साम्राज्य।

इतिहासकार प्रोफ़ेसर इम्तियाज़ अहमद ने बिहार के इतिहास पर रौशनी डालते हुए बताया कि बिहार…

March 12, 2024

BPSC : शिक्षक भर्ती का आवेदन अब 19 तक, बिहार लोक सेवा आयोग ने 22 तक का दिया विकल्प

अब आवेदन की तारीख 15 जुलाई से 19 जुलाई तक बढ़ा दी गई है।

July 17, 2023

जियो ने दिल्ली के बाद नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में ट्रू5जी सर्विस शुरु की

पूरे दिल्ली-NCR में सर्विस शुरु करने वाला पहला ऑपरेटर बना

November 18, 2022

KBC 14: भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान कौन थे, जिन्होंने इंग्लैंड में भारत को अंतिम बार एक टेस्ट सीरीज जिताया था?

राहुल द्रविड़ की अगुवाई में टीम इंडिया ने 1-0 से 2007 में सीरीज़ अपने नाम…

September 23, 2022