बिहार: 11 अप्रैल को 44 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे 70 लाख मतदाता

Follow न्यूज्ड On  

पटना | लोकसभा चुनाव के प्रथम चरण के तहत बिहार की 40 में से 4 सीटों के लिए 11 अप्रैल को मतदान हो रहा है। इन सीटों में औरंगाबाद, गया, नवादा, और जमुई शामिल हैं।

औरंगाबाद में 9, गया व नवादा में 13-13 और जमुई में 9 उम्मीदवार हैं। इस तरह प्रथम चरण में कुल 44 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होना है।

बिहार के अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी संजय कुमार सिंह ने बुधवार को बताया, “बिहार में प्रथम चरण के चुनाव में कुल 70 लाख 37 हजार 966 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे, जिनके लिए 7,486 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं।” इस चरण में सर्वाधिक मतदाता 18,92,017 नवादा संसदीय क्षेत्र में हैं, जबकि सबसे कम 17,00,641 मतदाता गया में हैं।

प्रथम चरण में प्रमुख प्रत्याशियों की बात करें तो गया से पूर्व मुख्यमंत्री और हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) के प्रमुख जीतन राम मांझी चुनावी मैदान में खम ठोंक रहे हैं। महागठबंधन के उम्मीदवार मांझी को जबरदस्त टक्कर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के जनता दल (युनाइटेड) के विजय मांझी से मिल रही है। पिछले लोकसभा चुनाव में भी मांझी चुनाव मैदान में थे, परंतु उस समय वह जद (यू) के प्रत्याशी थे। हालांकि उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।

इस चुनाव में जमुई सीट पर भी सभी की नजर बनी हुई है। यहां से राजग के घटक दल लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के अध्यक्ष रामविलास पासवान के पुत्र चिराग पासवान मैदान में हैं, तो वहीं महागठबंधन की ओर से भूदेव चौधरी राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) के उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं। पिछले चुनाव में चिराग पासवान यहां से राजद के सुधांशु शेखर को पराजित कर पहली बार लोकसभा पहुंचे थे।

बिहार की महत्वपूर्ण सीटों में से एक नवादा में राजग से लोजपा के चंदन सिंह और महागठबंधन से राजद की विभा देवी मैदान-ए-जंग में आमने-सामने हैं। विभा देवी दुष्कर्म के मामले में सजा काट रहे विधायक राजबल्लभ यादव की पत्नी हैं। पिछले चुनाव में भाजपा के गिरिराज सिंह यहां से विजयी हुए थे, इस बार उन्हें बेगूसराय से पार्टी ने प्रत्याशी बनाया है।

औरंगाबाद सीट से मौजूदा सांसद सुशील कुमार सिंह पर भाजपा ने एकबार फिर से विश्वास जताते हुए उन्हें चुनाव मैदान में उतारा है। उन्हें महागठबंधन के ‘हम’ प्रत्याशी उपेंद्र प्रसाद कड़ी टक्कर दे रहे हैं। ‘मिनी चितौड़गढ़’ के नाम से जाने जाने वाले इस क्षेत्र में सुशील सिंह के सामने हैट्रिक लगाने की चुनौती है।

पहले चरण के चुनाव के लिए सभी राजनीतिक दलों ने चुनाव प्रचार में अपनी पूरी ताकत झोंक दी थी। चुनाव प्रचार के अंतिम दिन भी कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, भाजपा के सुशील मोदी, लोजपा अध्यक्ष रामविलास पासवान चुनाव प्रचार में लगे रहे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी गया और जमुई से ही बिहार में अपने चुनावी अभियान की शुरुआत की थी।

बिहार में सभी 7 चरणों में मतदान होना है। मतों की गिनती 23 मई को होगी।


लोकसभा चुनाव 2019 : बिहार में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान जारी

 

This post was last modified on April 11, 2019 11:15 AM

Share

Recent Posts

जीआईटीएम गुरुग्राम ने उत्तर भारत में शीर्ष प्लेसमेंट अवार्ड अपने नाम किया

नवीन शिक्षण पद्धतियों, अत्याधुनिक उद्यम व कौशल पाठ्यक्रम के माध्यम से, संस्थान ने अनगिनत छात्रों…

March 19, 2024

बिहार के नींव डालने वाले महापुरुषों के विचारों पर चल कर पुनर्स्थापित होगा मगध साम्राज्य।

इतिहासकार प्रोफ़ेसर इम्तियाज़ अहमद ने बिहार के इतिहास पर रौशनी डालते हुए बताया कि बिहार…

March 12, 2024

BPSC : शिक्षक भर्ती का आवेदन अब 19 तक, बिहार लोक सेवा आयोग ने 22 तक का दिया विकल्प

अब आवेदन की तारीख 15 जुलाई से 19 जुलाई तक बढ़ा दी गई है।

July 17, 2023

जियो ने दिल्ली के बाद नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में ट्रू5जी सर्विस शुरु की

पूरे दिल्ली-NCR में सर्विस शुरु करने वाला पहला ऑपरेटर बना

November 18, 2022

KBC 14: भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान कौन थे, जिन्होंने इंग्लैंड में भारत को अंतिम बार एक टेस्ट सीरीज जिताया था?

राहुल द्रविड़ की अगुवाई में टीम इंडिया ने 1-0 से 2007 में सीरीज़ अपने नाम…

September 23, 2022