दिल्ली में जाट वोटरों को साधने भाजपा की खास रणनीति

Follow न्यूज्ड On  

नई दिल्ली, 4 जनवरी (आईएएनएस)| दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा कई रणनीति पर अमल कर रही है। इसके लिए पार्टी ने सभी वर्गो को लुभाने का मन बनाया है। भाजपा सभी जाति और वर्ग के नेताओं को दिल्ली में प्रचार के लिए बुला रही है।

भाजपा ने खास तौर से जाट वोटरों को साधने के लिए कवायद शुरू कर दी है। इसी रणनीति के तहत भाजपा अध्यक्ष अमित शाह बार-बार सभाओं में जाट नेता और सांसद प्रवेश साहिब सिंह वर्मा का नाम ले रहे हैं।

भाजपा सूत्रों के अनुसार, हरियाणा के बड़े जाट नेताओं को विशेष जिम्मेदारी देने का पार्टी ने फैसला किया है। ओ. पी. धनखड़ और कैप्टन अभिमन्यु को जाट बहुल इलाकों में अभी से जन संपर्क करने को कहा गया है।

हरियाणा के उपमुख्यमंत्री और जजपा नेता दुष्यंत चौटाला से भी भाजपा ने दिल्ली में प्रचार करने की अपील की है। यह तय माना जा रहा है कि दुष्यंत चौटाला भाजपा के लिए वोट मांगेंगे।

हालांकि, लोकसभा चुनाव 2019 में जजपा और आप ने मिलकर हरियाणा में भाजपा को चुनौती दी थी। जजपा ने सात और आम आदमी पार्टी ने तीन लोकसभा सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे। लेकिन अब हरियाणा में जजपा-भाजपा की गठबंधन सरकार है।

भाजपा सूत्रों के अनुसार, दिल्ली के रण में जाट चेहरे के रूप मे पार्टी दुष्यंत को आगे कर सकती है, जिससे दिल्ली चुनाव की तस्वीर बदल सकती है।

दिल्ली की 12 से ज्यादा विधानसभा सीटों पर जाट बहुलता में हैं। ये सभी सीटें आउटर दिल्ली की हैं। माना जा रहा है कि आउटर दिल्ली की आधा दर्जन सीटों पर जजपा का प्रभाव है। इन सीटों पर जजपा किसी भी राजनीतिक दल का गणित बिगाड़ सकती है। 1998 में भाजपा ने इनेलो के साथ मिलकर चुनाव लड़ा था। उस समय इनेलो को तीन सीटें भाजपा ने दी थी। हालांकि इनेलो एक भी सीट जीत नहीं पाई थी।

सूत्रों के मुताबिक, भाजपा इस बार जजपा के साथ चुनावी गठबंधन भी कर सकती है। लेकिन भाजपा में कई जाट नेता फिलहाल दुष्यंत के साथ दिल्ली में न तो गठबंधन के पक्ष में हैं और न ही उनको प्रमुखता देने के पक्ष में।

लेकिन भाजपा हाईकमान जजपा को साध कर एक तीर से कई शिकार करना चाहती है। भाजपा को लगता है कि ऐसा करने से जाट नेताओं की नाराजगी दूर करने में मदद मिलेगी। भाजपा नेताओं को लगता है कि इससे हरियाणा और उत्तर प्रदेश में फायदा मिल सकता है। ऐसे में सबकी नजरें पार्टी हाईकमान पर हैं।

 

Share

Recent Posts

जीआईटीएम गुरुग्राम ने उत्तर भारत में शीर्ष प्लेसमेंट अवार्ड अपने नाम किया

नवीन शिक्षण पद्धतियों, अत्याधुनिक उद्यम व कौशल पाठ्यक्रम के माध्यम से, संस्थान ने अनगिनत छात्रों…

March 19, 2024

बिहार के नींव डालने वाले महापुरुषों के विचारों पर चल कर पुनर्स्थापित होगा मगध साम्राज्य।

इतिहासकार प्रोफ़ेसर इम्तियाज़ अहमद ने बिहार के इतिहास पर रौशनी डालते हुए बताया कि बिहार…

March 12, 2024

BPSC : शिक्षक भर्ती का आवेदन अब 19 तक, बिहार लोक सेवा आयोग ने 22 तक का दिया विकल्प

अब आवेदन की तारीख 15 जुलाई से 19 जुलाई तक बढ़ा दी गई है।

July 17, 2023

जियो ने दिल्ली के बाद नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में ट्रू5जी सर्विस शुरु की

पूरे दिल्ली-NCR में सर्विस शुरु करने वाला पहला ऑपरेटर बना

November 18, 2022

KBC 14: भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान कौन थे, जिन्होंने इंग्लैंड में भारत को अंतिम बार एक टेस्ट सीरीज जिताया था?

राहुल द्रविड़ की अगुवाई में टीम इंडिया ने 1-0 से 2007 में सीरीज़ अपने नाम…

September 23, 2022