हरियाणा, मप्र, राजस्थान के लिए भाजपा के 6 उम्मीदवार घोषित (लीड-1)

Follow न्यूज्ड On  

 नई दिल्ली, 14 अप्रैल (आईएएनएस)| भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को राजस्थान, हरियाणा और मध्य प्रदेश के लोकसभा चुनावों के लिए छह और उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की।

 केंद्रीय चुनाव समिति द्वारा अंतिम रूप से तय किए गए नामों में राजस्थान के दौसा से जसकौर मीणा और हरियाणा के रोहतक से अरविंद शर्मा व हिसार से बृजेंद्र सिंह शामिल हैं।

मध्य प्रदेश में खजुराहो से विष्णु दत्त शर्मा, रतलाम से जी.एस. डामोर और धार से छतर सिंह दरबार चुनाव लड़ेंगे।

कांग्रेस के पूर्व सांसद अरविंद शर्मा हाल ही में भाजपा में शामिल हुए हैं। उन्हें चुनावी मैदान में हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के बेटे दीपेंद्र सिंह हुड्डा के सामने उतारा गया है।

बृजेंद्र सिंह आईएएस अधिकारी व केंद्रीय मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह के बेटे हैं। वह अपनी राजनीतिक यात्रा की शुरुआत उसी सीट से करने जा रहे हैं, जहां से उनके पिता ने 1984 में पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला को हराया था।

हरियाणा कैडर के 1998 बैच के आईएएस अधिकारी बृजेंद्र सिंह हरियाणा राज्य सहकारिता आपूर्ति एवं विपणन संघ के प्रबंध निदेशक हैं।

हिसार सीट से मौजूदा सांसद दुष्यंत चौटाला इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) को छोड़कर हाल ही में अपनी पार्टी बना ली है- जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) और इसके साथ आम आदमी पार्टी (आप) ने गठबंधन किया है। वर्ष 2014 के चुनाव में दुष्यंत ने हरियाणा जनहित कांग्रेस (हजकां) के कुलदीप बिश्नोई (पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल के बेटे) को 31,847 मतों के अंतर से हराया था।

मध्य प्रदेश में भाजपा ने धार की सांसद सावित्री ठाकुर को इस बार टिकट नहीं दिया है और उनकी जगह पूर्व सांसद चतर सिंह दरबार को उम्मीदवार बनाया है। दो बार सांसद रहे दरबार का मुकाबला कांग्रेस के दिनेश गिरवाल से है।

खजुराहो सीट पर कांग्रेस की कविता सिंह नातीराजा के मुकाबले भाजपा ने आरएसएस के वरिष्ठ नेता विष्णु दत्त शर्मा को उम्मीवार बनाया है। पार्टी ने जनजाति बहुल रतलाम- झाबुआ संसदीय सीट के लिए विधायक जी.एस. डामोर पर दांव चला है। इस सीट पर डामोर का मुकाबला कांग्रेस नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया से है।

राजस्थान की दौसा सीट के लिए भाजपा की उम्मीदवार जसकौर मीणा अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में केंद्रीय राज्यमंत्री रह चुकी हैं। वह वर्ष 1999 के चुनाव में सवाई माधोपुर सीट से सांसद चुनी गई थीं।

भाजपा ने पश्चिम बंगाल की उलूबेरिया पुरबा विधानसभा सीट पर होनेवाले उपचुनाव के लिए बतौर प्रत्याशी प्रत्यूष कुमार मंडल के नाम की घोषणा भी की है।

Share

Recent Posts

जीआईटीएम गुरुग्राम ने उत्तर भारत में शीर्ष प्लेसमेंट अवार्ड अपने नाम किया

नवीन शिक्षण पद्धतियों, अत्याधुनिक उद्यम व कौशल पाठ्यक्रम के माध्यम से, संस्थान ने अनगिनत छात्रों…

March 19, 2024

बिहार के नींव डालने वाले महापुरुषों के विचारों पर चल कर पुनर्स्थापित होगा मगध साम्राज्य।

इतिहासकार प्रोफ़ेसर इम्तियाज़ अहमद ने बिहार के इतिहास पर रौशनी डालते हुए बताया कि बिहार…

March 12, 2024

BPSC : शिक्षक भर्ती का आवेदन अब 19 तक, बिहार लोक सेवा आयोग ने 22 तक का दिया विकल्प

अब आवेदन की तारीख 15 जुलाई से 19 जुलाई तक बढ़ा दी गई है।

July 17, 2023

जियो ने दिल्ली के बाद नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में ट्रू5जी सर्विस शुरु की

पूरे दिल्ली-NCR में सर्विस शुरु करने वाला पहला ऑपरेटर बना

November 18, 2022

KBC 14: भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान कौन थे, जिन्होंने इंग्लैंड में भारत को अंतिम बार एक टेस्ट सीरीज जिताया था?

राहुल द्रविड़ की अगुवाई में टीम इंडिया ने 1-0 से 2007 में सीरीज़ अपने नाम…

September 23, 2022