कर्जमाफी के बजाए लंबित योजनाओं को पूरा करना प्राथमिकता : मोदी

Follow न्यूज्ड On  

पलामू (झारखंड), 5 जनवरी (आईएएनएस)| प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि वह किसानों को सशक्त बनाने के लिए उनके कर्ज माफ करने के बजाए लंबित सिंचाई परियोजनाओं को पूरा करना पसंद करेंगे। मोदी ने पलामू में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि जब उन्होंने मई 2014 में सत्ता हासिल की थी तो उन्होंने पाया था कि कई सिंचाई परियोजनाएं 30 से 40 वर्षो से लंबित पड़ी थीं।

छह सिंचाई परियोजनाओं की आधारशिला रखने के बाद उन्होंने कहा, “हमारी सरकार ने 90 हजार करोड़ रुपये की लागत से लंबित पड़ीं 99 सिंचाई परियोजनाओं पर काम शुरू किया है। हमारी सरकार ने कर्ज माफ करने के बजाए सिंचाई परियोजनाओं को पूरा करना पसंद किया।”

मोदी ने कहा कि उत्तरी कोयल (मंडल) सिंचाई परियोजना पर काम 1972 में शुरू हुआ था और 1993 में समाप्त हुआ। यह सिंचाई परियोजना अब बिहार व झारखंड का एक संयुक्त उपक्रम है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि इससे झारखंड में 19,000 हेक्टेयर सहित कुल 111,000 हेक्टेयर भूमि की सिंचाई होगी।

उन्होंने कहा कि 1972 में परियोजना की लागत 30 करोड़ रुपये थी, जो अब बढ़कर 2,400 करोड़ रुपये हो गई है।

उन्होंने कहा, “सिंचाई परियोजनाओं को लंबित रखना पिछली सरकार के हिस्से की आपराधिक लापरवाही है।”

मोदी ने कहा, “कैसे एक सिंचाई परियोजना को 50 साल के लिए लंबित रखा जा सकता है? पिछली सरकार ने किसानों को वोट बैंक के रूप में देखा, जबकि हमारी सरकार ने उन्हें अन्नदाता माना।”

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा, “पिछली सरकार ने पहले किसानों को कर्ज लेने के लिए मजबूर किया और अब वह कर्ज माफ करने का ड्रामा कर रही है।”

उन्होंने कहा, “हमारी सरकार कृषि भूमि की सिंचाई सुनिश्चित कर किसान को मजबूत करने और उन्हें सशक्त बनाने में विश्वास रखती है।”

मोदी ने सहकारी संघवाद का उदाहरण प्रस्तुत करने के लिए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और झारखंड के मुख्यमंत्री रघुबर दास का धन्यवाद किया।

उन्होंने कहा, “मैं मंडल बांध परियोजना शुरू करने के लिए दोनों मुख्यमंत्रियों का धन्यवाद करता हूं। यह उस वक्त हो रहा है, जब कई राज्य पानी को लेकर लड़ रहे हैं और मामले सर्वोच्च न्यायालय में हैं।”

मोदी ने बिना कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का नाम लिए उनपर निशाना साधा।

उन्होंने कहा, “जो किसानों के लिए चिंता दिखा रहे हैं, उन्हें पता नहीं होगा कि कोयल क्या है? वे इस बात को लेकर असमंजस में होंगे कि क्या यह कोई चिड़िया का नाम है या कुछ और।”

उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्रियों के नाम पर आवास योजनाएं शुरू करने के लिए भी कांग्रेस पर निशाना साधा।

मोदी ने कहा, “मैंने आवास योजना का नाम बदला, ताकि प्रधानमंत्री आवास योजना किसी भी प्रधानमंत्री के अंतर्गत चलती रहे। पहले बिचौलिए आवास योजना में सक्रिय थे..अब हर चीज पारदर्शी तरीके से हो रही है। आवास योजना की लाभार्थी अब महिलाएं हैं।”

पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के संदर्भ में उन्होंने कहा, “पांच साल से कम समय में हमने 1.25 करोड़ घर बनाएं हैं, जबकि मैडम नियंत्रित सरकार में केवल 25 लाख घर ही बने थे।”

 

Share

Recent Posts

जीआईटीएम गुरुग्राम ने उत्तर भारत में शीर्ष प्लेसमेंट अवार्ड अपने नाम किया

नवीन शिक्षण पद्धतियों, अत्याधुनिक उद्यम व कौशल पाठ्यक्रम के माध्यम से, संस्थान ने अनगिनत छात्रों…

March 19, 2024

बिहार के नींव डालने वाले महापुरुषों के विचारों पर चल कर पुनर्स्थापित होगा मगध साम्राज्य।

इतिहासकार प्रोफ़ेसर इम्तियाज़ अहमद ने बिहार के इतिहास पर रौशनी डालते हुए बताया कि बिहार…

March 12, 2024

BPSC : शिक्षक भर्ती का आवेदन अब 19 तक, बिहार लोक सेवा आयोग ने 22 तक का दिया विकल्प

अब आवेदन की तारीख 15 जुलाई से 19 जुलाई तक बढ़ा दी गई है।

July 17, 2023

जियो ने दिल्ली के बाद नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में ट्रू5जी सर्विस शुरु की

पूरे दिल्ली-NCR में सर्विस शुरु करने वाला पहला ऑपरेटर बना

November 18, 2022

KBC 14: भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान कौन थे, जिन्होंने इंग्लैंड में भारत को अंतिम बार एक टेस्ट सीरीज जिताया था?

राहुल द्रविड़ की अगुवाई में टीम इंडिया ने 1-0 से 2007 में सीरीज़ अपने नाम…

September 23, 2022