मुक्केबाजी ओलम्पिक क्वालीफायर : अमित सेमीफाइनल में, मिला ओलम्पिक टिकट (लीड-1)

Follow न्यूज्ड On  

अम्मान, 9 मार्च (आईएएनएस)| विश्व चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता भारतीय मुक्केबाज अमित पंघल ने सोमवार को यहां जारी एशिया/ओसनिया ओलम्पिक क्वालीफायर के 52 किग्रा भार वर्ग के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में जीत दर्ज करके आगामी टोक्यो ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई कर लिया है। राष्ट्रमंडल खेल एवं एशियाई खेल चैम्पियन टॉप सीड अमित ने दक्षिण एशियाई खेलों के चैंपियन फिलिपिंस के कार्लो पालम को 4-1 से मात दी।

अमित शुरूआत से ही आक्रामक अंदाज में नजर आए और उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी पर आक्रमण करना जारी रखा और पहले राउंड में 3-2 की बढ़त बना ली। एशियाई खेलों के चैंपियन अमित ने दूसरे राउंड में अपना आक्रमण बरकरार रखा और एक के बाद एक कई पंच लगाए।

अमित ने दूसरे राउंड में 4-1 की शानदार बढ़त बना ली। भारतीय मुक्केबाज ने तीसरे और अंतिम राउंड में भी अपने हमले में कोई कमी नहीं आने दी लगातार पंच लगाते हुए टोक्यो ओलम्पिक का टिकट कटा लिया।

सेमीफाइनल में अमित का सामना रियो ओलम्पिक के कांस्य पदक विजेता चीन के हु जियानगुआन से होगा। जियागुआन 2015 में विश्व चैंपियनशिप में और 2019 में एशियाई चैंपियनशिप में भी कांस्य पदक हासिल कर चुके हैं।

इससे पहले, भारत की उभरती महिला मुक्केबाज साक्षी चौधरी को 57 किग्रा वर्ग के क्वार्टर फाइनल में हार का सामना करना पड़ा।

साक्षी को दक्षिण कोरिया के एजी इम के खिलाफ एकतरफा मुकाबले में 0-5 से शिकस्त खानी पड़ी। इस हार के साथ ही साक्षी टोक्यो ओलम्पिक का टिकट पाने से चूक गईं।

साक्षी ने 15 साल की उम्र में ही एआईबीए विश्व जूनियर महिला चैंपियनशिप के फाइनल में अमेरिकी नेशनल चैंपियन यारिसेल रमीरेज को मात देकर सनसनी फैला दी थी। लेकिन वह फिलहाल अपने करियर में पहली बार ओलम्पिक खेलने का सपना पूरा नहीं कर पाई।

 

Share

Recent Posts

जीआईटीएम गुरुग्राम ने उत्तर भारत में शीर्ष प्लेसमेंट अवार्ड अपने नाम किया

नवीन शिक्षण पद्धतियों, अत्याधुनिक उद्यम व कौशल पाठ्यक्रम के माध्यम से, संस्थान ने अनगिनत छात्रों…

March 19, 2024

बिहार के नींव डालने वाले महापुरुषों के विचारों पर चल कर पुनर्स्थापित होगा मगध साम्राज्य।

इतिहासकार प्रोफ़ेसर इम्तियाज़ अहमद ने बिहार के इतिहास पर रौशनी डालते हुए बताया कि बिहार…

March 12, 2024

BPSC : शिक्षक भर्ती का आवेदन अब 19 तक, बिहार लोक सेवा आयोग ने 22 तक का दिया विकल्प

अब आवेदन की तारीख 15 जुलाई से 19 जुलाई तक बढ़ा दी गई है।

July 17, 2023

जियो ने दिल्ली के बाद नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में ट्रू5जी सर्विस शुरु की

पूरे दिल्ली-NCR में सर्विस शुरु करने वाला पहला ऑपरेटर बना

November 18, 2022

KBC 14: भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान कौन थे, जिन्होंने इंग्लैंड में भारत को अंतिम बार एक टेस्ट सीरीज जिताया था?

राहुल द्रविड़ की अगुवाई में टीम इंडिया ने 1-0 से 2007 में सीरीज़ अपने नाम…

September 23, 2022