राष्ट्रमंडल खेलों के बहिष्कार के पक्ष में नहीं हैं साक्षी

Follow न्यूज्ड On  

नोएडा, 30 जुलाई (आईएएनएस)| रियो ओलम्पिक-2016 में कांस्य पदक जीतने वाली महिला पहलवान साक्षी मलिक ने कहा है कि वह निशानेबाजी को बाहर किए जाने को लेकर बर्मिघम में 2022 में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों के बहिष्कार की पक्षधर नहीं हैं।

ओलम्पिक में कुश्ती का पदक जीतने वाली भारत की एकमात्र पहलवान साक्षी ने आईएएनएस से कहा कि निशानेबाजी को राष्ट्रमंडल खेलों से बाहर किया जाना अच्छा कदम नहीं है लेकिन इसे लेकर पूरे खेलों का बहिष्कार स्वागत योग्य कदम नहीं होगा।

जूते बनाने वाली जापानी कम्पनी एसिक्स द्वारा ब्रांड एम्बेसेडर चुनी गईं साक्षी ने कहा, “मैं राष्ट्रमंडल खेलों के बहिष्कार की पक्षधर नहीं हूं। मेरी नजर में इस समस्या का कुछ अलग हल निकलना चाहिए और सबसे अच्छा हल यह है कि निशानेबाजी को फिर से इन खेलों में शामिल किया जाए।”

उल्लेखनीय है कि बर्मिघम राष्ट्रमंडल खेल आयोजन समिति ने निशानेबाजी को बाहर कर दिया है। इससे भारत को काफी नुकसान होगा क्योंकि भारत ने गोल्ड कोस्ट में आयोजित राष्ट्रमंडल खेलों के बीते संस्करण में कुल 16 पदक निशानेबाजी में जीते थे। 1970 के बाद से ऐसा पहली बार होगा कि राष्ट्रमंडल खेलों में निशानेबाजी नहीं होगी।

भारतीय ओलम्पिक संघ (आईओए) ने आयोजन समिति के इस कदम को लेकर कड़ा रुख अपनाया है और इन खेलों के बहिष्कार की धमकी दी है। इस सम्बंध में आईओए अध्यक्ष नरेद्र बत्रा ने खेल मंत्री किरण रिजिजू को ई-मेल लिखकर इस बात की जानकारी दे दी है कि आईओए सदस्यों के बीच इस बात पर अनौपचारिक चर्चा शुरू हो चुकी है।

साक्षी से जब यह पूछा गया कि ऐसे में जबकि निशानेबाजी को राष्ट्रमंडल खेलों से बाहर कर दिया गया है तो फिर भारत का अगला कदम क्या होना चाहिए। क्या बहिष्कार एक सकारात्मक कदम हो सकता है?

इस पर अर्जुन पुरस्कार विजेता और राजीव गांधी खेल रत्न से नवाजी जा चुकीं साक्षी ने कहा, “बहिष्कार काफी गम्भीर कदम होगा। हमें इसके बारे में न सोचकर इस ओर प्रयास करना चाहिए कि निशानेबाजी को फिर से इन खेलों में शामिल कर लिया जाए।”

साक्षी ने कहा, “जब हम किसी खेल आयोजन के लिए जाते हैं तो हमारा एक पूरा दल होता है और निशानेबाज इस दल का हमेशा से अहम हिस्सा रहे हैं। साथ ही निशानेबाजों ने हमेशा से हमारे लिए काफी अधिक पदक भी जीते हैं। ऐसे में मैं तो चाहूंगी कि बहिष्कार की बात छोड़कर इन खेलों को फिर से शामिल करने का प्रयास किया जाए।”

राष्ट्रमंडल खेलों के बहिष्कार को लेकर खेल जगत बंटा हुआ दिखा है। देश के लिए एकमात्र व्यक्तिगत स्वर्ण पदक जीतने वाले निशानेबाज अभिनव बिंद्रा भी बहिष्कार के पक्षधर नहीं हैं लेकिन भारत की दिग्गज महिला निशानेबाज हिना सिद्धू ने हाल ही में कहा था कि भारत को इन खेलों का बहिष्कार करने के बारे में विचार करना चाहिए।

खुद आईओए इसे लेकर गम्भीर दिखाई दे रहा है। आईओए अध्यक्ष ने कुछ दिन पहले ही साफ कर दिया था कि बहिष्कार का रास्ता अभी भी खुला है और वह इस सम्बंध में खेल मंत्रालय की राय चाहता है। दूसरी ओर, खेल मंत्रालय ने कहा था कि राष्ट्रमंडल खेलों का बहिष्कार करना सिर्फ आईओए का फैसला नहीं हो सकता।

हालांकि भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ (एनआरआई) के सचिव राजीव भाटिया ने कुछ समय पहले आईएएनएस कहा था कि निशानेबाजी को न शमिल करने के फैसले के बाद अब कुछ नहीं किया जा सकता क्योंकि आयोजन समिति ने इस मुद्दे पर अंतिम फैसला ले लिया है।

उल्लेखनीय है कि इस साल जून में राष्ट्रमंडल खेल महासंघ (सीजीएफ) ने फैसला किया था कि 2022 में होने वाले खेलों में निशानेबाजी को जगह नहीं दी जाएगी। इसके विरोध में भारत ने सितम्बर में रवांडा में होने वाली राष्ट्रमंडल खेल महासंघ की आम सभा की बैठक का बहिष्कार करने का फैसला किया है।

 

Share

Recent Posts

जीआईटीएम गुरुग्राम ने उत्तर भारत में शीर्ष प्लेसमेंट अवार्ड अपने नाम किया

नवीन शिक्षण पद्धतियों, अत्याधुनिक उद्यम व कौशल पाठ्यक्रम के माध्यम से, संस्थान ने अनगिनत छात्रों…

March 19, 2024

बिहार के नींव डालने वाले महापुरुषों के विचारों पर चल कर पुनर्स्थापित होगा मगध साम्राज्य।

इतिहासकार प्रोफ़ेसर इम्तियाज़ अहमद ने बिहार के इतिहास पर रौशनी डालते हुए बताया कि बिहार…

March 12, 2024

BPSC : शिक्षक भर्ती का आवेदन अब 19 तक, बिहार लोक सेवा आयोग ने 22 तक का दिया विकल्प

अब आवेदन की तारीख 15 जुलाई से 19 जुलाई तक बढ़ा दी गई है।

July 17, 2023

जियो ने दिल्ली के बाद नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में ट्रू5जी सर्विस शुरु की

पूरे दिल्ली-NCR में सर्विस शुरु करने वाला पहला ऑपरेटर बना

November 18, 2022

KBC 14: भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान कौन थे, जिन्होंने इंग्लैंड में भारत को अंतिम बार एक टेस्ट सीरीज जिताया था?

राहुल द्रविड़ की अगुवाई में टीम इंडिया ने 1-0 से 2007 में सीरीज़ अपने नाम…

September 23, 2022