महाराष्ट्र : रिकॉर्ड बारिश से थमी मुंबई की रफ्तार, सरकार ने घोषित की छुट्टी

Follow न्यूज्ड On  

मुंबई | भारी बारिश के कारण मुंबई-ठाणे के बीच विभिन्न स्थानों पर रेलवे ट्रैक के पानी में डूब जाने के बाद मंगलवार को मध्य रेलवे (सीआर) ने कई जगहों पर उपनगरीय ट्रेन सेवाएं रोक दीं। इसके बाद महाराष्ट्र सरकार ने मुंबई में एहतियातन सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया। रिकार्डतोड़ बारिश के कारण पश्चिम रेलवे (डब्ल्यूआर) पर भी सेवाएं प्रभावित हुई हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। सोमवार को लगभग 375 मिलीमीटर की औसत बारिश हुई जो 1974 के बाद से 24 घंटों में हुई सर्वाधिक बारिश है।

ठाणे-कुर्ला के बीच पहले रोक दी गईं सीआर की ट्रेन सेवाएं रेलवे ट्रैक पर कई स्थानों पर पानी में डूबने के कारण छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से ठाणे के बीच भी रोकनी पड़ीं। पश्चिम रेलवे नेटवर्क पर कई ट्रेन सेवाओं में देरी की सूचना मिली है।

देश के विभिन्न हिस्सों से मुंबई आने वाली कई लंबी दूरी की ट्रेनें भी रास्तों में विभिन्न जगहों पर फंसी खड़ी हैं। इसकी और जानकारी ली जा रही है।

मुंबई के छत्रपति शिवाजी अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे पर आने और जाने वाली उड़ानों में देरी हो रही है। 55 उड़ानों के रूट को डायवर्ट किया गया है। साथ ही आधी रात से थोड़ी देर पहले 167 यात्रियों के साथ स्पाइसजेट के एक विमान के रनवे से आगे निकलने के कारण भी उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ।

मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डा लिमिटेड (एमआईएएल) के एक प्रवक्ता ने कहा कि मंगलवार दोपहर तक यहां आने वाली 26 अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों समेत कम से कम 55 उड़ानों का मार्ग बदला गया। इस दौरान चार अंतर्राष्ट्रीय समेत यहां आने वाली 18 उड़ानों और चार अंतर्राष्ट्रीय समेत यहां से जाने वाली 24 उड़ानें रद्द कर दी गई हैं।

कई क्षेत्रों में पानी भरा होने के कारण शहर और उपनगरों में लगातार दूसरे दिन जनजीवन प्रभावित रहा। अंधेरी, जोगेश्वरी, विले पार्ले और दहीसर जलमग्न हो गए हैं।

चांदीवली में एक निर्माणाधीन स्थल के पास एक सड़क धंस गई और स्थानीय लोगों ने दावा किया कि उसमें कुछ लोग बह गए। एक स्थानीय निवासी प्रदीप मेनन ने कहा कि लगभग 10 फीट गहराई तक फंसी सड़क में कुछ वाहन और ऑटोरिक्शा फंस गए।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने जनता से अपील की है कि लगातार हो रही बारिश को देखते हुए जब तक अत्यधिक जरूरी नहीं हो, घर से बाहर नहीं निकलें।

फडणवीस ने मीडियाकर्मियों से कहा, “पिछले 12 घंटों में शहर में अभूतपूर्व रूप से 300 से 400 मिलीमीटर बारिश हुई है, जो पिछले एक दशक में सर्वाधिक है। इस दोपहर आए ज्वार के साथ-साथ इतनी भारी बारिश से निपटने में मौजूदा जल-निकासी तंत्र असमर्थ हैं।”

भारतीय नौसेना ने कुर्ला के क्रांति नगर में फंसे लगभग 1,000 लोगों को निकालने के लिए रबर की नावें और आईएनएस तानाजी से नौसैनिक गोताखोरों की एक टीम, सशस्त्र जीवन-रक्षक, लाइफ जैकेट्स और खाने के पैकेट भेजीं। इन लोगों को निकाल लिया गया है।

फडणवीस ने बीएमसी आपदा विभाग का दौरा किया और वे मलाड में दीवार ढहने से घायल हुए लोगों से मिलने अस्पताल भी गए।

मुंबई में प्रतिदिन आने-जाने वाले लाखों लोगों का सहारा ट्रेनें और सड़कें पानी से भरी हैं, जिसके बाद प्रदेश सरकार ने शहर में मंगलवार को एहतियातन सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया है।

मुंबई, ठाणे, रायगढ़ और पालघर जिलों में मंगलवार तड़के से ही भारी बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने शुक्रवार तक और बारिश होने की भविष्यवाणी की है, इसके अलावा नासिक और पश्चिमी महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में, रत्नागिरि और सिंधुदुर्ग में भी मूसलाधार बारिश जारी है।


बारिश से मुंबई बेहाल, महाराष्ट्र में अवकाश घोषित

This post was last modified on July 2, 2019 3:46 PM

Share

Recent Posts

जीआईटीएम गुरुग्राम ने उत्तर भारत में शीर्ष प्लेसमेंट अवार्ड अपने नाम किया

नवीन शिक्षण पद्धतियों, अत्याधुनिक उद्यम व कौशल पाठ्यक्रम के माध्यम से, संस्थान ने अनगिनत छात्रों…

March 19, 2024

बिहार के नींव डालने वाले महापुरुषों के विचारों पर चल कर पुनर्स्थापित होगा मगध साम्राज्य।

इतिहासकार प्रोफ़ेसर इम्तियाज़ अहमद ने बिहार के इतिहास पर रौशनी डालते हुए बताया कि बिहार…

March 12, 2024

BPSC : शिक्षक भर्ती का आवेदन अब 19 तक, बिहार लोक सेवा आयोग ने 22 तक का दिया विकल्प

अब आवेदन की तारीख 15 जुलाई से 19 जुलाई तक बढ़ा दी गई है।

July 17, 2023

जियो ने दिल्ली के बाद नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में ट्रू5जी सर्विस शुरु की

पूरे दिल्ली-NCR में सर्विस शुरु करने वाला पहला ऑपरेटर बना

November 18, 2022

KBC 14: भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान कौन थे, जिन्होंने इंग्लैंड में भारत को अंतिम बार एक टेस्ट सीरीज जिताया था?

राहुल द्रविड़ की अगुवाई में टीम इंडिया ने 1-0 से 2007 में सीरीज़ अपने नाम…

September 23, 2022