उत्तर प्रदेश में कांग्रेस पुनरुत्थान की राह पर : राज बब्बर

Follow न्यूज्ड On  

लखनऊ, 8 अप्रैल (आईएएनएस)| कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष राज बब्बर ने कहा है कि पार्टी स्पष्ट रूप से पुनरुत्थान के मार्ग पर है। जमीन पर बदलाव महसूस हो रहा है और लंबे अरसे बाद कांग्रेस कार्यकर्ता इतने उत्साह में हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी उत्तर प्रदेश में वापसी की राह पर है।

आईएएनएस के साथ एक साक्षात्कार में फतेहपुर सीकरी से उम्मीदवार बब्बर ने फोन पर कहा, “पांच वर्षों तक लोगों ने देखा कि कैसे भाजपा ने कांग्रेस नेतृत्व पर हमला किया और लोगों को मोदी सरकार की नीतियों के परिणामों से भी जूझना पड़ा। यह चुनाव बदलाव का चुनाव है और नतीजे इसे साबित करेंगे।”

बब्बर ने कहा कि कई वर्षो बाद उत्तर प्रदेश के कांग्रेस कार्यकर्ता चुनाव में सक्रियता से काम कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, “पार्टी कार्यकर्ताओं में निराशा का भाव चला गया है और वे देख सकते हैं कि कांग्रेस नए भविष्य की ओर बढ़ रही है।”

बब्बर ने स्वीकार किया कि प्रियंका गांधी के सक्रिय राजनीति में प्रवेश से पार्टी को विशेषकर उत्तर प्रदेश में उम्मीद जगी है।

उन्होंने बताया, “हमारे पास राहुल गांधी और प्रियंका गांधी का युवा नेतृत्व है। हमारे पास सोनिया गांधी व मनमोहन सिंह सहित वरिष्ठ नेताओं का मार्गदर्शन व आशीर्वाद भी है और यह अनुभव व युवा का मिश्रण कांग्रेस के घोषण-पत्र में दिखाई देता है।”

शत्रुघ्न सिन्हा के पार्टी में शामिल होने पर प्रतिक्रिया देते हुए बब्बर ने कहा, “हम इस बात से बहुत खुश हैं और आने वाले दिनों में कई नेता पार्टी का हिस्सा बनेंगे, जो कि संकेत है कि कांग्रेस फिर से लौट रही है।”

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने हालांकि रविवार को देवबंद रैली में समाजवादी पार्टी (सपा) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) द्वारा कांग्रेस पर किए हमले पर टिप्पणी से इनकार किया।

उन्होंने कहा, “चुनाव में, जिसे जो अच्छा लगता है वह कहता है। हम ऐसे मुद्दे पर बेकार वक्त खर्च नहीं करना चाहते, बल्कि हम लोगों पर ध्यान केंद्रित करेंगे। हमारा गठबंधन जनता के साथ है और हम इसे और मजबूत बनाएंगे।”

फतेहपुर सीकरी से बब्बर के खिलाफ उनके पूर्व सहायक राज कुमार चहर मैदान में हैं, जिन्हें भाजपा ने चुनाव मैदान में उतारा है। वहीं बसपा ने गुड्डू पंडित को टिकट दिया है। पंडित पहले बसपा से सपा और फिर भाजपा में शामिल हुए थे, लेकिन अब वह बसपा में हैं।

 

Share

Recent Posts

जीआईटीएम गुरुग्राम ने उत्तर भारत में शीर्ष प्लेसमेंट अवार्ड अपने नाम किया

नवीन शिक्षण पद्धतियों, अत्याधुनिक उद्यम व कौशल पाठ्यक्रम के माध्यम से, संस्थान ने अनगिनत छात्रों…

March 19, 2024

बिहार के नींव डालने वाले महापुरुषों के विचारों पर चल कर पुनर्स्थापित होगा मगध साम्राज्य।

इतिहासकार प्रोफ़ेसर इम्तियाज़ अहमद ने बिहार के इतिहास पर रौशनी डालते हुए बताया कि बिहार…

March 12, 2024

BPSC : शिक्षक भर्ती का आवेदन अब 19 तक, बिहार लोक सेवा आयोग ने 22 तक का दिया विकल्प

अब आवेदन की तारीख 15 जुलाई से 19 जुलाई तक बढ़ा दी गई है।

July 17, 2023

जियो ने दिल्ली के बाद नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में ट्रू5जी सर्विस शुरु की

पूरे दिल्ली-NCR में सर्विस शुरु करने वाला पहला ऑपरेटर बना

November 18, 2022

KBC 14: भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान कौन थे, जिन्होंने इंग्लैंड में भारत को अंतिम बार एक टेस्ट सीरीज जिताया था?

राहुल द्रविड़ की अगुवाई में टीम इंडिया ने 1-0 से 2007 में सीरीज़ अपने नाम…

September 23, 2022