दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर भाजपा ने दी श्रद्धांजलि

  • Follow Newsd Hindi On  

नई दिल्ली, 25 सितम्बर (आईएएनएस)| प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित भाजपा नेताओं ने बुधवार को पार्टी के दिग्गज नेता दीनदयाल उपाध्याय को उनकी जयंती पर याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। दिवंगत नेता को याद करते हुए, संयुक्त राष्ट्र महासभा के लिए न्यूयॉर्क में मौजूद मोदी ने एक वीडियो साझा कर कहा कि अगर कोई उपाध्याय के बारे में बात करता है, तो “पहली बात जो मन में आती है वह है सादगी।”

मोदी ने 1.45 मिनट के वीडियो में कहा, “गरीब लोग पंडित जी के विचारों का केंद्र बिंदु थे। उनका मानना था कि जमीन से जुड़ी राजनीति, आर्थिक और सामाजिक नीतियां राष्ट्र के प्रति विश्वास को बदल सकती हैं। उन्होंेने एक ऐसे देश के कामना की, जहां कोई भेदभाव या शोषण नहीं हो। पंडित जी ने हमें जीवन में आगे बढ़ते रहना सिखाया और यह एक बड़ा सबक है।”


मोदी ने ट्वीट किया, “भारत के महानतम प्रतीक पंडित दीनदयाल उपाध्याय को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए। करुणा के साथ सबसे अधिक सेवा करने का उनके जीवन का संदेश दूर-दूर तक गूंजता है।”

शाह ने कहा कि उपाध्याय की विचारधारा सत्ता में आने की नहीं थी, बल्कि राष्ट्र के पुनर्निर्माण और भारत को उसके गौरव को लौटाने की थी।

केंद्रीय गृह मंत्री ने हिंदी में एक ट्वीट में कहा, “पं. दीनदयाल उपाध्याय जी एक ऐसे युगद्रष्टा थे जिनके द्वारा बोये गए विचारों व सिद्धांतों के बीज ने देश को एक वैकल्पिक विचारधारा देने का काम किया। उनकी विचारधारा सत्ता प्राप्ति के लिए नहीं बल्कि राष्ट्र के पुनर्निर्माण के लिए थी और भारत को उसके गौरव पर पुनस्र्थापित करने के लिए थी।”


शाह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता के रूप में, उन्हें गर्व है कि पिछले पांच वर्षो में, मोदी सरकार ने गरीबों के कल्याण के लिए उपाध्याय के दर्शन का अनुसरण किया है।

भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने पार्टी मुख्यालय के सामने उपाध्याय की प्रतिमा की सफाई की और माल्यार्पण किया।

नड्डा के साथ लोकसभा सांसद मनोज तिवारी और हर्षवर्धन अन्य पार्टी नेता थे।

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा, “एकात्म मानववाद के प्रणेता एवं अंत्योदय के विचार को अपने जीवन में जीने वाले महामानव, चिंतक, विचारक एवं प्रचारक, पंडित दीनदयाल उपाध्याय को उनकी जयंती के दिन नमन एवं स्मरण करता हूं।”

उन्होंेने आगे कहा, “लोक कल्याण एवं गरीब कल्याण का जो मार्ग उन्होंने प्रशस्त किया था उस पर हम लगातार आगे बढ़ रहे हैं।”

उपाध्याय का जन्म आज ही के दिन 1916 को मथुरा में हुआ था।

 

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)