कोलकाता, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)| भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के दिग्गज नेता गुरुदास दासगुप्ता का गुरुवार को कोलकाता में 83 साल की उम्र में निधन हो गया। वह कैंसर की बीमारी से पीड़ित थे।
परिवार के सूत्रों के अनुसार वामपंथी नेता का गुरुवार सुबह छह बजे निधन हुआ।
तीन बार राज्यसभा के सदस्य रहे दासगुप्ता 2004 और 2009 में दो बार लोकसभा के लिए भी चुने गए थे।
उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि दासगुप्ता को एक सांसद और ट्रेड यूनियन नेता के तौर पर राष्ट्र में उनके योगदान के लिए याद किया जाएगा।