उप्र : मुठभेड़ में घायल 2 इनामी बदमाश गिरफ्तार

  • Follow Newsd Hindi On  

लखनऊ/आजमगढ़, 17 नवंबर (आईएएनएस)| उत्तर प्रदेश में आजमगढ़ जिले के जहानागंज थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह पुलिस और बदमाशों के बीच हुई एक मुठभेड़ में 50-50 हजार रुपये के दो इनामी बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें बाद में गिरफ्तार कर लिया गया। बदमाशों की गोली से एक सिपाही भी घायल हुआ है। आजमगढ़ के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) विजय भूषण ने बताया कि शनिवार सुबह मुखबिर की सूचना पर पहुंची जहानागंज थाने की पुलिस के ललकारने पर बदमाशों ने गोलीबारी शुरू कर दी, जिससे सिपाही सोमनाथ यादव घायल हो गया।

उन्होंने कहा, “पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो बदमाश भी घायल हो गए, जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार बदमाशों की पहचान 50-50 हजार रुपये के इनामी आशीष यादव और प्रह्लाद के रूप में हुई है। दोनों पर आजमगढ़, बलिया, मऊ और जौनपुर के अलावा कई जिलों में लूट के कई मुकदमे दर्ज हैं।”


विजय भूषण ने बताया, “घायल दोनों बदमाशों और सिपाही को इलाज के लिए मंडली अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से अवैध हथियार और डेढ़ लाख रुपये भी बरामद किए हैं।”

 


(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)