आईपीएल-12 : चेन्नई ने मुंबई को बड़े स्कोर से रोका (लीड-1)

  • Follow Newsd Hindi On  

 चेन्नई, 26 अप्रैल (आईएएनएस)| चेन्नई के गेंदबाजों ने अपने घर एम.ए. चिदम्बरम स्टेडियम में खेले जा रहे इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 12वें संस्करण के मैच में मुंबई इंडियंस को बड़ा स्कोर नहीं करने दिया।

 मुंबई की टीम 20 ओवरों में चार विकेट के नुकसान पर 155 रन ही बना सकी। यह स्कोर भी आखिरी ओवर में जुटाए गए 17 रनों के दम पर मुमकिन हो सका।


अपने नियमित कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के बिना इस मैच में उतरी चेन्नई ने मुंबई को बल्लेबाजी के लिए बुलाया। पहले दो ओवर में मुंबई ने सिर्फ चार रन बनाए थे। तीसरे ओवर में क्विंटन डी कॉक ने दीपक चाहर पर एक चौका और एक छक्का मारा, लेकिन इसी ओवर की चौथी गेंद पर चाहर, डी कॉक का विकेट ले गए।

रोहित शर्मा (67) को इसके बाद एविन लुइस (32) का साथ मिला। दोनों ने संभल कर बल्लेबाजी की और बड़े शॉट भी लगाए। लुइस का विकेट 99 के कुल स्कोर पर गिरा। मिशेल सैंटनर की गेंद पर लुइस, ड्वायन ब्रावो का हाथों लपके गए। यहां से मुंबई की रनगति नहीं बढ़ सकी।

दो रन बाद सैंटनर ने क्रुणाल पांड्या (1) को भी पवेलियन भेज दिया। इस बीच रोहित ने अपने पचास रन पूरे कर लिए थे। पारी के बढ़ने के साथ ही रोहित की कोशिश आक्रामकता बढ़ाने की थी, लेकिन सैंटनर ने समय रहते हुए उस पर भी ब्रेक लगा दिया। सैंटनर ने 122 के कुल स्कोर पर रोहित को मुरली विजय के हाथों कैच कराया। मुंबई के कप्तान ने 48 गेंदों की पारी में छह चौके और तीन छक्के लगाए। रोहित का विकेट 17वें ओवर की दूसरी गेंद पर गिरा।


मुंबई के दो तूफानी बल्लेबाज हार्दिक और केरन पोलार्ड मैदान पर थे, लेकिन यह दोनों बल्लेबाज भी आखिरी के तीन ओवरो में उस अंदाज में बल्लेबाजी नहीं कर सके जिसके लिए दोनों मशहूर हैं। आखिरी ओवर में पोलार्ड ने एक चौका और हार्दिक ने एक चौके तथा एक छक्के की मदद से 17 रन जोड़कर मुंबई को अपेक्षाकृत सम्मानजनक स्कोर दिया।

चेन्नई के लिए सैंटनर ने दो विकेट लिए। चाहर और इमरान ताहिर को एक-एक सफलता मिली।

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)