भाजपा सरकार पूंजीपतियों से मिल कर किसानों के खिलाफ रच रही षडयंत्र : अखिलेश

  • Follow Newsd Hindi On  

लखनऊ, 4 दिसंबर (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार दिन में किसानों से बेनतीजा वार्ता करती है व रात में पूंजीपतियों से गुपचुप बातें कर किसानों के खिलाफ षडयंत्र रचती है।

अखिलेश यादव ने शुक्रवार को ट्वीट कर कहा कि, भाजपा सरकार दिन में किसानों से बेनतीजा वार्ता करती है व रात में पूंजीपतियों से गुपचुप बातें कर किसानों के खिलाफ षडयंत्र रचती है। भाजपा सरकार वार्ता को लंबा खींचकर भी आंदोलन को कमजोर न कर पायेगी क्योंकि देश किसानों के साथ है। किसानों को सता कर भाजपा सत्ता मे नहीं रह पाएगी।


इससे पहले अखिलेश यादव ने अपने एक बयान में कहा था कि भाजपा के कुशासन से अन्नदाता बर्बाद है। भाजपा राज में किसान की आय दुगुनी करने का झूठा आश्वासन से कृषि कानूनों की आड़ में किसानो की जमीन हड़पने का जो षडयंत्र है उसे खेती किसानी करने वाले अच्छे से समझते हैं। किसानों का असंतोष आक्रोश बनकर फूट पड़ा है। भाजपा शासित राज्यों के किसान भी आंदोलित हैं। किसान भाइयों के हित में समाजवादी सरकार ने एमएसपी दिलाने के लिए मंडियों की स्थापना और कृृषि सुरक्षा वाली संरचना के विस्तार पर कदम उठाए थे, भाजपा ने इनको चौपट करने का काम किया है।

उन्होंने कहा कि किसानों के आंदोलन को उलझाने के लिए विपक्ष पर आरोप लगाए जा रहे हैं। साथ ही भाजपा अपने किए को सही ठहराने की हठधर्मी भी पाले हुए है। समाज अब जागरूक और सजग है। उसे कोई भ्रमित नहीं कर सकता है। किसान जबाव और समाधान तत्काल चाहता है।

–आईएएनएस


विकेटी-एसकेपी

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)